home page

पानीपत: दो नाबालिग छात्र स्कूल जाते समय रास्ते से लापता

 | 
पानीपत: दो नाबालिग छात्र स्कूल जाते समय रास्ते से लापता


पानीपत, 15 मई (हि.स.)। पानीपत स्थित अर्जुन नगर कॉलोनी से शुक्रवार सुबह दो नाबालिग छात्रों के लापता होने का मामला सामने आया है। दोनों छात्र सुबह स्कूल के लिए घर से निकले थे, लेकिन न तो स्कूल पहुंचे और न ही वापस घर लौटे। परिजनों की शिकायत पर थाना पुराना औद्योगिक में मामला दर्ज कर दोनों नाबालिग छात्रों की तलाश शुरू कर दी है।

अर्जुन नगर निवासी रुपेश चंद्र ने पुलिस को बताया कि उनका 16 वर्षीय बेटा जिगर, जो श्री कुंदन विद्या हाई स्कूल में नौवीं कक्षा का छात्र है, रोजाना की तरह सुबह स्कूल गया था। जब वह दोपहर तक घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने स्कूल से संपर्क किया। स्कूल प्रशासन से पता चला कि जिगर आज स्कूल आया ही नहीं था। परेशान परिजनों ने जब आसपास तलाश की, तो पता चला कि उनके पड़ोसी राकेश का 12 वर्षीय बेटा अंकित भी गायब है। अंकित भी उसी स्कूल में पढ़ता है और वह भी आज स्कूल नहीं पहुंचा था।

परिजनों को अंदेशा है कि दोनों लड़के कहीं साथ चले गए हैं या किसी अनहोनी का शिकार तो हो गए हैं। काफी खोजबीन के बाद भी जब बच्चों का कोई सुराग नहीं लगा, तो रुपेश चंद्र और राकेश ने पुलिस को लिखित शिकायत दी। पीड़ित पिता ने पुलिस से गुहार लगाई है कि उनके बच्चों को जल्द से जल्द सुरक्षित बरामद किया जाए। थाना पुराना औद्योगिक प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि आज शुक्रवार को दोनों छात्रों की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है और आसपास लगे सीसीटीवी खंगालने शुरू कर दिए है। साथ ही आस पास के पुलिस थानों, रेलवे स्टेशन व बस स्टैंड को भी सूचना दे दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा