home page

हिसार : निरीक्षण करने पहुंचे एसडीएम खुद बने शिक्षक, पढ़ाया भूगोल व गणित

 | 
हिसार : निरीक्षण करने पहुंचे एसडीएम खुद बने शिक्षक, पढ़ाया भूगोल व गणित


पीएम श्री स्कूल मसूदपुर की नौवीं कक्षा में विद्यार्थियों

के बीच बैठकर किया सीधा संवाद

सवाल-जवाब से परखी विषयों की समझ

हांसी, 04 नवंबर (हि.स.)। सरकारी स्कूलों में

शिक्षा का स्तर और विद्यार्थियों की शैक्षणिक समझ परखने पहुंचे एसडीएम राजेश खोथ बुधवार

को शिक्षक की भूमिका में नजर आए। उन्होंने पीएम श्री राजकीय विद्यालय मसूदपुर की नौवीं

कक्षा में पहुंचकर करीब एक घंटे तक विद्यार्थियों को भूगोल और गणित का पाठ पढ़ाया।

इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से सवाल-जवाब किए और उनकी विषयों पर पकड़ को परखने

के साथ पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।

एसडीएम ने विद्यालय परिसर का निरीक्षण कर साफ-सफाई,

उपलब्ध सुविधाओं और शैक्षणिक गतिविधियों का जायजा लिया। इसके बाद वे सीधे कक्षा में

पहुंचे और विद्यार्थियों के बीच बैठकर उनसे बातचीत की। उन्होंने विद्यार्थियों के शैक्षणिक

स्तर, उनकी रुचियों और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली। पढ़ाते समय उन्होंने

विषयों को समझने पर जोर दिया और विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया।

एसडीएम राजेश खोथ ने कहा कि विद्यार्थी जीवन भविष्य

की नींव तैयार करने का सबसे महत्वपूर्ण समय है। शिक्षा का उद्देश्य केवल परीक्षा में

अच्छे अंक हासिल करना नहीं, बल्कि विषयों को गहराई से समझना और अर्जित ज्ञान को व्यवहार

में उतारना भी है। विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं को पहचानकर जीवन में स्पष्ट लक्ष्य

निर्धारित करना चाहिए और उन्हें हासिल करने के लिए जुनून, आत्मविश्वास तथा अनुशासन

के साथ निरंतर मेहनत करनी चाहिए। विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, खेल और रचनात्मक गतिविधियों के बीच संतुलन

बनाकर चलना चाहिए। उन्होंने शिक्षकों के मार्गदर्शन का पूरा लाभ उठाने और प्रतिदिन

कुछ नया सीखने की आदत विकसित करने का आह्वान किया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर