बादली में 171 स्कूल, 23 को मरम्मत की जरूरत: कुलदीप वत्स
- शिक्षक भी चाहिए, भर्ती की डिमांड आयोगों को भेजी
चंडीगढ़, 01 सितंबर (हि.स.)। झज्जर जिले के हलका बादली के विधायक कुलदीप वत्स ने मंगलवार को अपने हलके के जर्जर स्कूलों का मुद्दा सदन में उठाया। उन्होंने बताया कि बादली क्षेत्र में कुल 171 सरकारी स्कूल हैं और इनमें से 23 स्कूलों में मरम्मत की जरूरत है। शिक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार चरणबद्ध तरीके से स्कूलों में जरूरी काम करा रही है। उन्होंने दूसरे विधायकों से भी अपने-अपने हलकों के स्कूलों की जरूरत सामने लाने का आग्रह किया, ताकि उपलब्ध व्यवस्था के तहत काम कराया जा सके।
बादली के दो स्कूल ऐसे भी हैं, जिनकी इमारत बनने के तुरंत बाद ही उनमें दरारें आने की शिकायत सामने आई। विधायक वत्स ने इन भवनों के निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए जांच की मांग की। शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया। यानी एक ओर सरकार 118 जर्जर भवनों की जगह नए माडर्न भवन बनाने की तैयारी कर रही है, वहीं दूसरी ओर नए बने भवनों की गुणवत्ता की शिकायतों की भी जांच होगी।
बादली में स्कूलों की स्थिति के साथ शिक्षकों की कमी का मुद्दा भी विधानसभा में उठा। इस पर शिक्षा मंत्री ने बताया कि शिक्षकों की भर्ती के लिए सरकार की ओर से हरियाणा लोक सेवा आयोग और हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग को डिमांड भेजी जा चुकी है। इससे सरकार का फोकस सिर्फ स्कूल भवनों तक सीमित नहीं रहने का संकेत मिलता है। नए भवनों के साथ स्कूलों में शिक्षकों की उपलब्धता बढ़ाने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाने का दावा किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

