home page

पानीपत: करोड़ों के घोटाले में इसराना का सरपंच निलंबित

 | 
पानीपत: करोड़ों के घोटाले में इसराना का सरपंच निलंबित


पानीपत, 02 अप्रैल (हि.स.)। पानीपत खंड इसराना की ग्राम पंचायत के सरपंच राजेश को उपायुक्त वीरेंद्र कुमार दहिया ने निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई हरियाणा पंचायती राज अधिनियम के तहत की गई है। प्रशासन का मानना है कि जांच पूरी होने तक उनका पद पर बने रहना जनहित में उचित नहीं है। आदेश में बताया गया है कि राजेश को निलंबन अवधि के दौरान ग्राम पंचायत की किसी भी कार्रवाई में भाग लेने की अनुमति नहीं होगी।

उपायुक्त द्वारा गुरुवार काे जारी आदेश में राजेश जागलान को निर्देश दिए गए हैं कि वह पंचायत से संबंधित सभी चल-अचल संपत्ति और अभिलेख तत्काल प्रभाव से ग्राम पंचायत इसराना के बहुमत प्राप्त पांचों पंचों को सौंप दें। यह आदेश 30 मार्च से प्रभावी माने जाएंगे, जिसकी आधिकारिक प्रति एक अप्रैल को संबंधित विभागों को भेजी गई है। उपयुक्त को दी शिकायत में सरपंच राजेश जागलान के खिलाफ करोड़ों रुपए के पेड़ों की कटाई के आरोप लगाए गए थे। आरोपों के अनुसार उन्होंने सरकार के नियमों का उल्लंघन करते हुए ग्राम पंचायत के करोड़ों रुपए के पेड़ कटवाकर बेच दिए थे।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि नियम अनुसार बेचे गए पेड़ों के अलावा शीशम और कीकर के अन्य पेड़ भी ग्राम पंचायत द्वारा ठेकेदार से कटवाए गए थे। इन पेड़ों को मौके पर ट्रैक्टर-ट्रॉली समेत अधिकारियों ने जब्त कर लिया था। उपायुक्त ने बताया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और सरपंच राजेश जागलान जांच पूरी होने तक निलंबित रहेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा