home page

12वीं में 90 प्रतिशत से ज्यादा अंक हासिल करने वाले एससी विद्यार्थियों को मिलेगी छात्रवृत्ति

 | 

चंडीगढ़, 25 जून (हि.स.)। हरियाणा में 12वीं कक्षा में 90 प्रतिशत से ज्यादा अंक हासिल करने वाले होनहार एससी विद्यार्थियों को शिक्षा विभाग द्वारा एकमुश्त छात्रवृत्ति दी जाएगी। इस संबंध में सेकेंडरी शिक्षा महानिदेशक की ओर से राज्य के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को 30 जून तक जिलावार रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए गए हैं।

निदेशालय की ओर से जिला शिक्षा अधिकारियों को हिदायत दी गई है कि राज्य के सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत अनुसूचित जाति (एससी) वर्ग के उन विद्यार्थियों को एकमुश्त छात्रवृत्ति प्रदान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, जिन्होंने मार्च 2026 में आयोजित 12वीं कक्षा (10+2) की परीक्षा में 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त किए हैं।

इस संबंध में माध्यमिक शिक्षा निदेशालय द्वारा डीईओ को लिखे पत्र में स्पष्ट किया गया कि पात्र विद्यार्थियों की जानकारी निर्धारित प्रारूप में एकत्र कर निदेशालय को भेजी जाए, ताकि छात्रवृत्ति राशि का भुगतान समय पर सुनिश्चित किया जा सके। पत्र के अनुसार, सरकारी विद्यालयों के एससी वर्ग के उन विद्यार्थियों को इस योजना का लाभ मिलेगा, जिन्होंने 12वीं बोर्ड परीक्षा में 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक हासिल किए हैं।

निदेशालय ने जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने जिलों से संबंधित विद्यार्थियों के विवरण का बैंक पासबुक की प्रति के आधार पर सत्यापन कर निर्धारित प्रोफार्मा में सॉफ्ट एवं हार्ड कॉपी उपलब्ध करवाएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा