home page

हिसार : खेत से लौट रहे दो युवकों पर जानलेवा हमला

 | 

आरोपियों ने बाइक में की तोड़फोड़

हिसार, 06 अगस्त (हि.स.)। नारनौंद क्षेत्र के गांव कापड़ो में खेत से घर लौट

रहे दो युवकों पर हथियारों से लैस युवकों ने कथित रूप से जानलेवा हमला करने का प्रयास

किया। दोनों युवक मौके से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे, जबकि आरोपियों ने उनकी

मोटरसाइकिल में जमकर तोड़फोड़ की और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत

पर नामजद आरोपियों समेत अन्य युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल

किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

गांव कापड़ो निवासी मनीष, जो खेती-बाड़ी का कार्य करता है, ने पुलिस को दी

शिकायत में बताया कि वह अपने दोस्त सचिन के साथ अस्थायी नंबर वाली मोटरसाइकिल पर खेत

से घर लौट रहा था। जब दोनों गांव में सीता के मकान के पास पहुंचे, तभी पीछे से आई एक

काले रंग की एक्सयूवी ने उनकी बाइक के सामने अचानक ब्रेक लगा दिए, जिससे उन्हें मोटरसाइकिल

रोकनी पड़ी। मनीष के अनुसार, गाड़ी रुकते ही उसमें से तीन युवक लाठी-डंडे और फरसे लेकर

नीचे उतरे और उनकी ओर बढ़ने लगे। हथियारबंद युवकों को देखकर वह और उसका साथी डर के

कारण मोटरसाइकिल वहीं छोड़कर भाग गए, जिससे उनकी जान बच गई। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों

ने उनकी मोटरसाइकिल को लाठी-डंडों से बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया और उन्हें जान से

मारने की धमकी भी दी।

घटना के बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखने पर मनीष ने आरोपियों

की पहचान कृष्ण, साहिल उर्फ धौला, सोमबीर, कृष्ण के भाई के लड़के तथा दो अन्य युवकों

के रूप में होने का दावा किया। इसके बाद उसने पूरी तसल्ली करने के बाद पुलिस चौकी खेड़ी

चौपटा में शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत

के आधार पर नामजद आरोपियों व अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच

शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और आरोपियों

की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर