home page

सरदार पटेल के आदर्शों को अपनाकर देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाएं : राजेश नागर

 | 
सरदार पटेल के आदर्शों को अपनाकर देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाएं : राजेश नागर


नूंह, 31 अक्टूबर (हि.स.)। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को नूंह पुलिस लाइन के परेड ग्राउंड से ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया। दौड़ लघु सचिवालय परिसर में पहुंचकर संपन्न हुई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे हरियाणा सरकार के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) राजेश नागर भी बच्चों और अन्य प्रतिभागियों के साथ दौड़े।

इस दौरान उन्होंने सरदार पटेल को नमन करते हुए उनके राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद किया और उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की शपथ दिलाई। राजेश नागर ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का जीवन प्रत्येक देशवासी के लिए प्रेरणास्रोत है। स्वतंत्रता के बाद उन्होंने 565 रियासतों का विलय कर भारत की एकता और अखंडता को मजबूत आधार प्रदान किया। उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और प्रशासनिक कुशलता के चलते देश एक मजबूत राष्ट्र के रूप में स्थापित हुआ।

उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने किसानों के अधिकारों के लिए भी महत्वपूर्ण संघर्ष किया। वर्ष 1918 के खेड़ा आंदोलन और 1928 के बारडोली सत्याग्रह में उनके नेतृत्व ने उन्हें जननेता के रूप में स्थापित किया। बारडोली आंदोलन की सफलता के बाद महिलाओं ने उन्हें ‘सरदार’ की उपाधि दी। वहीं, उनके दृढ़ व्यक्तित्व और संगठन क्षमता के कारण उन्हें लौह पुरुष के रूप में पहचान मिली। उन्होंने अखिल भारतीय सेवाओं को प्रशासनिक व्यवस्था की रीढ़ माना। गुजरात में स्थापित विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ उनके व्यक्तित्व और राष्ट्र के प्रति योगदान का प्रतीक है।

हरियाणा की विकास यात्रा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में डिजिटल और पारदर्शी व्यवस्था को बढ़ावा दिया जा रहा है। पंचायतों को सशक्त बनाने के लिए ई-पंचायत प्रणाली, ऑनलाइन सेवाओं और डिजिटल लेखा-जोखा को प्रोत्साहित किया जा रहा है। हर घर जल योजना, युवाओं के लिए रोजगार एवं कौशल विकास के अवसर और खेलों को बढ़ावा देने जैसे प्रयासों से प्रदेश निरंतर आगे बढ़ रहा है।

कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह ने भी सरदार वल्लभभाई पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने 565 रियासतों का भारत में विलय करवाकर देश की एकता और अखंडता को मजबूत आधार दिया। उनका जीवन त्याग, समर्पण और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता है। उन्होंने युवाओं से जाति, धर्म और क्षेत्र के भेदभाव से ऊपर उठकर राष्ट्रहित में कार्य करने तथा सामाजिक भाईचारे को मजबूत बनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर जिला परिषद चेयरमैन जान मोहम्मद, नगर परिषद चेयरमैन संजय, उपायुक्त अखिल पिलानी, पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन, सहायक आयुक्त (प्रशिक्षु) अमितेज पांगती, एसडीएम कुंवर आदित्य विक्रम, भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष नरेंद्र पटेल, जिला महामंत्री रमेश मानुवास एवं हेमराज शर्मा, जिला उपाध्यक्ष नारायण राम गुर्जर, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य जाहिद हुसैन, नूंह मंडल अध्यक्ष समय सिंह सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया