home page

यमुनानगर : दौलतपुर में सरस्वती तट विकास की घोषणा, घाट निर्माण व मंदिर जीर्णोद्धार की तैयारी

 | 
यमुनानगर : दौलतपुर में सरस्वती तट विकास की घोषणा, घाट निर्माण व मंदिर जीर्णोद्धार की तैयारी


यमुनानगर, 15 मार्च (हि.स.)। सरस्वती हेरिटेज विकास बोर्ड के वाइस चेयरमैन धूमन सिंह किरमच ने रादौर खंड के गांव दौलतपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा मंडल अध्यक्ष हरदीप सिंह सैनी ने की। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया तथा क्षेत्र के विकास से जुड़ी विभिन्न समस्याएं और सुझाव उनके समक्ष रखे।

अपने संबोधन में धूमन सिंह किरमच ने रविवार काे कहा कि प्रदेश सरकार प्राचीन सरस्वती सभ्यता और उससे जुड़ी सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि सरस्वती हेरिटेज विकास बोर्ड का उद्देश्य सरस्वती नदी से संबंधित ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों का संरक्षण तथा उनका समुचित विकास सुनिश्चित करना है, ताकि आने वाली पीढ़ियां अपनी समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा से परिचित हो सकें। उन्होंने बताया कि इसी दिशा में दौलतपुर क्षेत्र में सरस्वती नदी के तट पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए घाट का निर्माण करवाने की योजना तैयार की जा रही है। इसके साथ ही नदी के दोनों किनारों को मजबूत बनाने और उनका सौंदर्यीकरण करने का कार्य भी प्रस्तावित है, जिससे नदी तट का संरक्षण होने के साथ-साथ क्षेत्र का विकास भी संभव हो सकेगा।

वाइस चेयरमैन ने कहा कि सरस्वती माता के प्राचीन मंदिर के जीर्णोद्धार को भी प्राथमिकता दी जा रही है। मंदिर परिसर के पुनर्निर्माण और सौंदर्यीकरण से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि सरस्वती नदी का ऐतिहासिक और आध्यात्मिक महत्व अत्यंत व्यापक रहा है तथा प्राचीन काल में ऋषि-मुनियों ने इसके तट पर अनेक धार्मिक ग्रंथों की रचना की थी। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक परिवर्तन के कारण सरस्वती नदी का प्रवाह लुप्त हो गया था, जिसे पुनर्जीवित करने के लिए राज्य सरकार और केंद्र सरकार संयुक्त रूप से प्रयास कर रही हैं। बोर्ड द्वारा सरस्वती से जुड़ी सहायक नदियों के जल प्रबंधन और बाढ़ नियंत्रण के लिए भी योजनाबद्ध कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से क्षेत्र की सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण में सहयोग देने की अपील करते हुए कहा कि जनभागीदारी से ही विकास योजनाएं प्रभावी रूप से सफल हो सकती हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार