home page

सरस्वती नदी का पुनर्जीवन, करतारपुर साहिब कॉरिडोर व अयोध्या में श्रीराम मंदिर भारत के उभरते सौभाग्य के प्रतीक : गजेंद्र शेखावत

 | 
सरस्वती नदी का पुनर्जीवन, करतारपुर साहिब कॉरिडोर व अयोध्या में श्रीराम मंदिर भारत के उभरते सौभाग्य के प्रतीक : गजेंद्र शेखावत


कपाल मोचन तीर्थ आस्था, आत्मशुद्धि और भारत की साझा संस्कृति की विरासत का केंद्र

चंडीगढ़, 20 नवंबर (हि.स.)। केंद्रीय विरासत एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने हरियाणा में सरस्वती नदी के पुनर्जीवन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह देश के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक कार्य है। सरस्वती का पुनर्जीवन देश के लिए उतना ही महत्वपूर्ण है,जितना करतारपुर साहिब का गलियारा खुलना और अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर की पुनर्स्थापना होना। ये तीनों घटनाएं भारत के उभरते सौभाग्य और गौरवशाली पुनर्जागरण के प्रतिबिंब हैं।

उन्होंने कहा कि जिस दिन सरस्वती नदी विलुप्त हुई, उसी दिन से भारत के सौभाग्य का सूर्य अस्ताचल की ओर बढ़ना शुरू हो गया था। इसी प्रकार, जिस दिन भगवान श्रीराम का मंदिर ध्वस्त हुआ, वह भी भारत के सांस्कृतिक और आध्यात्मिक गौरव के लिए एक कठिन कालखंड था। लाखों लोगों के बलिदान और शताब्दियों के लंबे संघर्ष के बाद आज देश एक ऐसे यशस्वी दौर में पहुंचा है,जब अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर पुनर्स्थापित हुआ है और भारत का सौभाग्य सूर्य एक बार फिर उदित होकर पूरी दुनिया को अपनी आभा से आलोकित कर रहा है।

केंद्रीय विरासत एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत यमुनानगर जिले में शुक्रवार को आयोजित श्री कपाल मोचन-आदि बद्री मेला के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में श्रद्धालुओं को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी उपस्थित रहे। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत व मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरु घर में माथा टेका और हवन यज्ञ के साथ श्री कपाल मोचन श्रीआदिबद्रीमेले का शुभारंभ किया। इस मौके पर अतिथियों ने रिमोट का बटन दबाकर लगभग 187 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया।

इनमें 16 नई अमृत फार्मेसी शामिल हैं,जहां आमजन को जीवन रक्षक दवाइयां रियायती दरों पर उपलब्ध होंगी। इसके अलावा 11 जलघरों में नए टैंकों का निर्माण तथा जगाधरी शहर की पुरानी सीवर लाइन के पुनर्वास कार्य का शिलान्यास किया गया है। इससे पहले, उन्होंने पुलिस विभाग के मोबाइल पुलिस बूथ का उद्घाटन किया और मेला परिसर में लगाई गई प्रदर्शनी व विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई स्टालों का अवलोकन भी किया।

अपने संबोधन में गजेंद्र सिंह शेखावत ने कपालमोचन तीर्थ को नमन करते हुए कहा कि कपाल मोचन तीर्थ केवल आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि आत्मशुद्धि, आत्मचिंतन और भारत की साझा संस्कृति की विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है। तीर्थयात्रा केवल किसी स्थान तक पहुंचने मात्र तक सीमित नहीं होती, बल्कि यह आत्मचिंतन, आत्मशुद्धि और मन में एक नया संकल्प लेने के साथ सकारात्मक परिवर्तन का अवसर भी होती है। कपाल मोचन की यह धरती हमें अपने भीतर से अहंकार और क्रोध त्यागकर बेहतर मनुष्य बनने की प्रेरणा प्रदान करती है।

गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि हरियाणा की पहचान पहले कृषि और यहां के सैनिकों एवं रणबांकुरों से होती थी,जो सीमाओं पर खड़े होकर सदियों से देश की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित करते आए हैं। वर्तमान संदर्भ में हरियाणा की पहचान यहां के खिलाड़ियों,पहलवानों और बॉक्सरों से होती है। इसके साथ-साथ हरियाणा की धरती प्राचीन काल से ऋषियों, साधना, वैदिक ज्ञान और आध्यात्मिक चिंतन की पवित्र धरती भी रही है। उन्होंने कहा कि कपाल मोचन की यह धरती हमें अपने भीतर से अहंकार और क्रोध त्याग कर बेहतर मनुष्य बनने की प्रेरणा प्रदान करती है। यह पवित्र धरा हमें माता-पिता,गुरु,देश,समाज और प्रकृति एवं पर्यावरण के प्रति अपने दायित्वों का ठीक से निर्वहन करने का स्मरण कराते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा