सोनीपत: निगम गेट पर कूड़ा डाल सफाईकर्मियों ने प्रदर्शन किया
सोनीपत, 11 मई (हि.स.)। सोनीपत
नगर निगम कार्यालय के मुख्य द्वार के सामने सोमवार को सफाई कर्मचारियों ने कूड़े के
ढेर डालकर प्रशासन और सरकार के खिलाफ विरोध जताया। पिछले कई दिनों से शहर की
सफाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित है और गली-मोहल्लों में जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हैं।
कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी न होने पर सरकारी कार्यालयों के बाहर इसी
तरह कूड़ा डालकर विरोध जारी रहेगा। नगर
पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर प्रदेश के सफाई कर्मचारी एक मई से हड़ताल
पर हैं। इसी क्रम में सोमवार को नगर निगम कार्यालय के सामने रेलवे रोड पर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों
और अन्य वाहनों से भारी मात्रा में कूड़ा डाल दिया गया। सड़क पर फैले कचरे के कारण
यातायात प्रभावित रहा। राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ी।
दुर्गंध के
कारण लोगों को मुंह ढककर निकलना पड़ा। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने सरकार और प्रशासन
के खिलाफ नारे लगाए। प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने नगर निगम चुनाव का बहिष्कार करने
की घोषणा की। उनका कहना है कि लंबे समय से मांगों को अनदेखा किया जा रहा है। कई बार
बैठकों के बावजूद कोई ठोस समाधान नहीं निकला। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि सरकार बार-बार
आश्वासन देती है लेकिन उन्हें पूरा नहीं करती। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मांगें पूरी
होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
महिला
प्रधान कमलेश ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज
किया जाएगा। धरने पर बैठे कर्मचारियों ने ठेका प्रथा समाप्त कर कच्चे कर्मचारियों को
नियमित करने की मांग दोहराई। समान काम के लिए समान वेतन लागू करने की भी मांग रखी गई।
कर्मचारियों का कहना है कि वर्षों से समान कार्य करने के बावजूद उन्हें कम वेतन और कम सुविधाएं मिल रही हैं। कर्मचारियों
ने बताया कि अग्निशमन विभाग के कर्मचारी 34 दिनों से आंदोलन कर रहे हैं और उनके
समर्थन में सफाई कर्मचारी भी हड़ताल पर हैं। कर्मचारियों का आरोप है कि इतने लंबे समय
के बाद भी प्रशासन का कोई प्रतिनिधि बातचीत के लिए नहीं पहुंचा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

