home page

यमुनानगर में सफाई कर्मचारियों ने सड़क पर कूड़ा डालकर किया प्रदर्शन

 | 
यमुनानगर में सफाई कर्मचारियों ने सड़क पर कूड़ा डालकर किया प्रदर्शन


यमुनानगर, 07 मई (हि.स.)। यमुनानगर में विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलनरत सफाई कर्मचारियों का विरोध प्रदर्शन गुरुवार को और तेज हो गया। कर्मचारियों ने वर्कशॉप रोड पर कूड़ा डालकर प्रदर्शन किया और काफ़ी समय तक यातायात बाधित रखा। प्रदर्शन के चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। दोपहर के समय बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी वर्कशॉप रोड पर एकत्रित हुए।

प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि उनकी लंबित मांगों पर लगातार अनदेखी की जा रही है और वार्ता के लिए भी पहल नहीं की जा रही। प्रदर्शन के कारण शहर की यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई। कई वाहन चालक लंबे समय तक जाम में फंसे रहे, जबकि अनेक लोगों को वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ा। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल को मौके पर तैनात करना पड़ा। आंदोलन के समर्थन में किसान यूनियन और रोडवेज कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचे। यूनियन नेताओं ने कहा कि कर्मचारियों की समस्याएं लंबे समय से लंबित हैं, लेकिन समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा।

इसी दौरान प्रदर्शन स्थल पर सफाई कर्मचारियों और ठेकेदार पक्ष के बीच तीखी बहस भी हो गई। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि आंदोलन को बदनाम करने के उद्देश्य से सड़क किनारे कूड़े के ढेर लगवाए जा रहे हैं। विवाद बढ़ने पर पुलिस ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को शांत कराया।

करीब डेढ़ घंटे बाद यातायात दोबारा सुचारु कराया गया। सर्व कर्मचारी संघ के नेता महिपाल सोडे ने चेतावनी दी कि यदि कर्मचारियों की मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार