home page

सोनीपत : लापता सफाई कर्मचारी का शव मिला, हत्या की आशंका

 | 
सोनीपत : लापता सफाई कर्मचारी का शव मिला, हत्या की आशंका


सोनीपत, 07 मार्च (हि.स.)। जिले के खरखौदा क्षेत्र में एक सफाई कर्मचारी का शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवक कई दिनों से लापता था और परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट

भी थाना खरखौदा में दर्ज कराई थी। शनिवार को सड़क किनारे शव मिलने की सूचना मिलते ही

पुलिस, अपराध जांच इकाई और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए तथा मामले की जांच शुरू कर

दी।

मृतक की पहचान गांव ककरोई निवासी 18 साल के विजय के रूप में हुई है। वह पिछले लगभग

पांच वर्षों से नगर निगम सोनीपत में ठेका आधार पर सफाई कर्मचारी के रूप में कार्यरत

था। परिजनों के अनुसार विजय चार मार्च को होली वाले दिन घर से निकला था, लेकिन इसके

बाद वह वापस नहीं लौटा। काफी तलाश करने के बाद परिवार ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट

थाना खरखौदा में दर्ज करवाई थी। खरखौदा-सोनीपत मार्ग पर राष्ट्रीय राजमार्ग 334-बी के किनारे एक युवक

का शव पड़ा होने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच

के दौरान शव की पहचान विजय के रूप में हुई। शव संदिग्ध अवस्था में मिला, जिससे हत्या

की आशंका जताई जा रही है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल की टीम को भी मौके पर बुलाया गया, ताकि

वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए जा सकें। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में पूछताछ शुरू

कर दी है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

जांच के दौरान मृतक की गर्दन के पीछे और शरीर पर भी चोट के निशान हैं। पुलिस ने शव

को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

एसीपी राजदीप मोर ने बताया कि युवक की गुमशुदगी की रिपोर्ट पहले ही दर्ज थी

और पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। शव गांव झरोठी के खेतों के पास मिला है। पुलिस

कॉल विवरण रिकॉर्ड का विश्लेषण कर रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना