हिसार : सफाई कर्मचारियों की मांगों को तुरंत पूरा करे सरकार : दलबीर किरमारा
सफाई की महत्वपूर्ण कड़ी की उपेक्षा कर रही सरकार,
सफाई व्यवस्था चरमराई
हिसार, 08 मई (हि.स.)। इनेलो के प्रदेश सचिव दलबीर
किरमारा ने नगर निगम में पिछले एक सप्ताह से अधिक समय से हड़ताल पर चल रहे कर्मचारियों
की मांगों को तुरंत पूरा करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सरकार अपनी जिद्द के
चलते न केवल इन कर्मचारियों के प्रति संवेदनहीनता बरत रही है बल्कि शहरों की सफाई व्यवस्था
भी चरमरा गई है।
दलबीर किरमारा शुक्रवार को पूर्व मंत्री डॉ. कमल
गुप्ता के आवास के बाहर प्रदर्शन कर रहे निगम के सफाई कर्मचारियों को संबोधित कर रहे
थे। उन्होंने कहा कि नगर निगम के सफाई कर्मचारी महत्वपूर्ण कड़ी है। इनकी हड़ताल को
एक सप्ताह से ज्यादा समय हो गया है और शहर में जगह-जगह कूड़े के ढ़ेर लग गए हैं। ऐसे
में हमें भी और सरकार को भी समझ आ जाना चाहिए कि सफाई कर्मचारियों का कार्य कितना जरूरी
व महत्वपूर्ण है। सफाई कर्मचारी पिछले काफी समय से अपनी मांगे उठा रहे थे लेकिन सरकार
एवं विभागीय अधिकारियों द्वारा उनके लगातार अनदेखा किया गया, जिसके चलते इन कर्मचारियों
को मजबूर होकर हड़ताल पर जाना पड़ा। हड़ताल पर भी इन कर्मचारियों को 8 दिन हो गए हैं
लेकिन सरकार एवं संबंधित विभाग अभी भी जिद्द पर अड़े हैं, जो निंदनीय है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

