home page

कैथल में हड़ताली सफाई कर्मियों ने सड़कों पर बिखेरा कचरा,आमजन हुआ परेशान

 | 
कैथल में हड़ताली सफाई कर्मियों ने सड़कों पर बिखेरा कचरा,आमजन हुआ परेशान


कैथल में हड़ताली सफाई कर्मियों ने सड़कों पर बिखेरा कचरा,आमजन हुआ परेशान


कैथल, 22 अगस्त (हि.स.)। सफाई कर्मचारियों की हड़ताल लंबी खिंचने के साथ शहर की सफाई व्यवस्था चरमराने लगी है। छह अगस्त से जारी हड़ताल को कर्मचारियों ने अब 24 अगस्त तक बढ़ा दिया है। सफाई व्यवस्था ठप होने से शहर के कई हिस्सों में कचरे के ढेर जमा हैं और हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। दो दिन से कचरा उठान नहीं होने के कारण शहर में करीब 400 टन कचरा जमा होने का अनुमान है।

शनिवार को स्थिति उस समय और बिगड़ गई जब डोर-टू-डोर कचरा उठाने के लिए निकले वाहनों को सफाई कर्मचारियों ने कई स्थानों पर रोक दिया। माता गेट, पिहोवा चौक, कमेटी चौक और अंबाला रोड समेत अन्य स्थानों पर कर्मचारियों ने कचरा उठान का विरोध किया। कुछ जगहों पर कचरे से भरी गाड़ियों को रोककर सड़क पर ही कचरा बिखेर दिया गया। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बदबू के कारण लोग मुंह पर कपड़ा रखकर गुजरते नजर आए।शहर के मुख्य मार्गों और बाजारों के अलावा खाली प्लॉटों में भी कचरा जमा होने लगा है। कचरे के ढेरों में आवारा पशु और कुत्ते मुंह मार रहे हैं, जिससे संक्रमण और बीमारियां फैलने की आशंका बढ़ गई है। शहर में प्रतिदिन करीब 100 से 120 टन कचरा निकलता है। ऐसे में लगातार उठान नहीं होने से समस्या तेजी से बढ़ रही है।माता गेट, पिहोवा चौक, अंबाला रोड, पटियाला रोड, खनौरी बाइपास, करनाल रोड, चंदाना गेट, पुराना बस अड्डा, ढांड रोड, अर्जुन नगर, माडल टाउन, जींद रोड, सेक्टर-21, कुतुबपुर रेलवे फाटक रोड, राम नगर, कबूतर चौक सब्जी मंडी रोड और रेलवे गेट के आसपास कचरे के ढेर नजर आ रहे हैं।हड़ताल का असर केवल सफाई व्यवस्था तक सीमित नहीं है। नगर परिषद कार्यालय में भी पिछले करीब 16 दिनों से कामकाज प्रभावित है। विभिन्न प्रमाण पत्रों और नगर परिषद से जुड़े कार्यों के लिए आने वाले लोगों को वापस लौटना पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि करीब 1300 जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, 1200 डोमिसाइल और 400 विवाह पंजीकरण प्रमाण पत्र लंबित हैं। विकास कार्यों से जुड़े काम भी प्रभावित हुए हैं।सफाई कर्मचारियों की हड़ताल का असर नगर परिषद के अलावा सीवन, कलायत, गुहला-चीका, पूंडरी और राजौंद की नगर पालिकाओं में भी देखने को मिल रहा है।जिला पालिका आयुक्त कपिल शर्मा ने बताया कि कचरा उठान को लेकर संबंधित एजेंसी के अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं। सफाई कर्मचारियों की हड़ताल का मामला उच्चाधिकारियों के संज्ञान में भी लाया गया है। उच्च स्तर से आदेश मिलने के बाद उसी के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे