जींद : एशियन गेम्स में तीरंदाजी में गोल्ड लेकर आई कीर्ति शर्मा का भव्य स्वागत
जींद, 05 अक्टूबर (हि.स.)। एशियन गेम्स में तीरंदाजी में देश को गोल्ड मेडल जीतने वाली गांव रिटौली की कीर्ति शर्मा का सोमवार को गांव पहुंची। गांव पहुंचने से पहले कीर्ति शर्मा का ग्रामीणों ने भव्य स्वागत किया। विधायक रामकुमार गौतम, भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली, जिला परिषद चेयरपर्सन प्रतिनिधि कुलदीप रंधावा भी कीर्ति शर्मा को आर्शीवाद देने के लिए पहुंचे।
ग्रामीण व अभिभावक जामनी चौक पर एकत्रित हुए और वहां से आतिशबाजी कर घर तक ले जाया गया। घर पहुंचने पर मां गुड्डी ने चुरमा खिला कर कीर्ति को गले लगाया। कीर्ति ने घर पहुंच कर दादा रामजुआरी और दादी भरपाई की झोली में गोल्ड मेडल डाला। इसके बाद कीर्ति ने दादा को गोल्ड मेडल भी पहनाया।
विधायक रामकुमार गौतम ने कहा कि हम बेटी के प्रति अहसानमंद हैं कि हमारी बेटी ने सीना चौड़ा किया है। हमें कीर्ति शर्मा पर गर्व है। भाजपा पूर्व प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने कीर्ति को शाल व भगवान राम की प्रतिमा देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि बेटी कीर्ति शर्मा ने एशियन गेम्स में गोल्ड जीत कर गांव के साथ-साथ देश के 140 करोड़ लोगों का सीना चौड़ा कर दिया है। उनके लिए बेटी को बहुत शुभकामनाएं और आशीर्वाद। इसके अलावा कोच उधम सिंह और पिता विजय, दादा रामजुआरी, मां और परिवार के सदस्यों को वह बधाई देते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के खिलाडिय़ों का जो हौसला बढ़ाने का काम किया है।
वहीं हरियाणा पूरे देश में ऐसा प्रांत है जो खिलाडिय़ों को सबसे ज्यादा प्रोत्साहन राशि देता है। इसके के चलते देश के खिलाडिय़ों ने जो 85 गोल्ड मेडल जीते हैं, उसमें से 37 गोल्ड के साथ सबसे ज्यादा हिस्सेदारी हरियाणा के खिलाडिय़ों की है। वहीं देश के सभी गोल्ड विजेता खिलाडिय़ों को बधाई देते हैं। पिता विजय शर्मा ने कहा कि उनका सपना यही था कि बेटी कीर्ति एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल लेकर आए। बेटी ने उनका सपना पूरा किया है। कीर्ति ने पूरे गांव, हरियाणा व देश का नाम रोशन किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

