home page

रेवाड़ी में युवक ने लगाई फांसी, सुसाइड नोट में पांच पर लगाए आरोप

 | 
रेवाड़ी में युवक ने लगाई फांसी, सुसाइड नोट में पांच पर लगाए आरोप


30 लाख रुपये हड़पने का आरोप, पुलिस ने सुसाइड नोट कब्जे में लेकर जांच शुरू की

रेवाड़ी, 05 अगस्त (हि.स.)। शहर की बीएमजी सिटी में मंगलवार शाम एक 25 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस को युवक के पास से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें तीन महिलाओं सहित कुल पांच लोगों पर 30 लाख रुपये से अधिक की राशि लेने के बाद वापस नहीं करने के आरोप लगाए गए हैं।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार गांव भाड़ावास निवासी 25 वर्षीय नीरज का कुछ समय पहले अपने परिवार से विवाद हो गया था। इसके बाद वह घर छोड़कर गढ़ी बोलनी रोड स्थित बीएमजी सिटी के एक टॉवर में किराये के फ्लैट में रहने लगा था। बताया गया कि वह पिछले करीब तीन माह से अपने एक दोस्त के साथ अलग रह रहा था।

मंगलवार शाम जब उसका दोस्त फ्लैट पर पहुंचा तो दरवाजा खोलने पर नीरज फांसी के फंदे पर लटका मिला। इसकी सूचना तुरंत मॉडल टाउन थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर अपने कब्जे में लिया। मौके की तलाशी के दौरान पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नोट में तीन महिलाओं सहित पांच लोगों के नाम लिखे गए हैं।

मृतक ने आरोप लगाया है कि इन लोगों ने उससे 30 लाख रुपये से अधिक की राशि ली थी, लेकिन बाद में लौटाने से इनकार कर दिया। पुलिस ने सुसाइड नोट को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला