home page

रेवाड़ी में मीटर रीडिंग अपडेट करने का झांसा देकर महिला से लाखों की ठगी

 | 
रेवाड़ी में मीटर रीडिंग अपडेट करने का झांसा देकर महिला से लाखों की ठगी


रेवाड़ी, 11 नवंबर (हि.स.)। साइबर ठगों ने ठगी का नया तरीका अपनाते हुए आईजीएल मीटर रीडिंग अपडेट करने के नाम पर एक महिला को निशाना बनाया है। ठगों ने महिला के मोबाइल पर वॉट्सएप के जरिए एक लिंक भेजा। महिला ने जैसे ही लिंक खोला, उनका मोबाइल हैक हो गया और साइबर ठगों ने बैंक खाते से चार अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए 17 लाख 40 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़िता की शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस प्रवक्ता ने बुधवार को बताया कि बीएमजी सिटी स्थित अंतरिक्ष टावर-दो निवासी शिखा शर्मा ने शिकायत में बताया कि 31 अक्टूबर को उनके मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति की कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने खुद को आईजीएल मीटर रीडिंग कर्मचारी बताया। उसने मीटर रीडिंग से संबंधित जानकारी देने और प्रक्रिया पूरी करने के नाम पर शिखा के वॉट्सऐप पर एक लिंक भेज दिया।

शिखा के अनुसार उन्होंने कॉल करने वाले व्यक्ति के कहने पर लिंक खोल लिया। इसके बाद उनका मोबाइल फोन हैक होना शुरू हो गया। आरोपी फोन पर उन्हें जैसे-जैसे निर्देश देता रहा, वह उसका पालन करती रहीं। इसी दौरान उनके बैंक खाते से रुपये निकलने शुरू हो गए। जब तक उन्हें साइबर ठगी का अहसास हुआ, तब तक आरोपी खाते से लाखों रुपये निकाल चुके थे।

शिकायत के अनुसार 31 अक्टूबर को ठगों ने चार ट्रांजेक्शन में कुल 17 लाख 40 हजार रुपये निकाल लिए। पहली ट्रांजेक्शन में छह लाख, दूसरी में तीन लाख 50 हजार, तीसरी में तीन लाख 90 हजार और चौथी ट्रांजेक्शन में चार लाख रुपये निकाले गए। बैंक रिकॉर्ड में इन ट्रांजेक्शन के साथ एचडीएफसी ईवीसी और स्किल पायलट्स के नाम दर्ज हैं।

पीड़िता की शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ने बैंक खाते से संबंधित लेन-देन की जांच के बाद केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अब ठगी में इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबर, वॉट्सएप लिंक और बैंक खातों की जानकारी जुटाकर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला