रेवाड़ी: महर्षि वाल्मीकि के जीवन से शिक्षा ले युवा: विनीता पीपल
रेवाड़ी, 26 अक्टूबर (हि.स.)। शहर के बाल भवन सभागार में सोमवार को जिला स्तरीय महर्षि वाल्मीकि जयंती समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर परिषद चेयरपर्सन विनीता पीपल ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि ने हजारों वर्ष पहले रामायण जैसे महान महाकाव्य की रचना की थी। इस ग्रंथ की शिक्षाएं आज भी समाज का मार्गदर्शन कर रही हैं। उनकी जीवन यात्रा से वर्तमान पीढ़ी को मेहनत करने और शिक्षा ग्रहण करने की प्रेरणा लेनी चाहिए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. वंदना पोपली ने की, जबकि एसडीएम दलबीर सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया। समारोह में महर्षि वाल्मीकि के जीवन, उनके आदर्शों और समाज को दिए गए योगदान पर प्रकाश डाला गया। नगर परिषद चेयरपर्सन विनीता पीपल ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि भारत के आदि कवि माने जाते हैं। उन्होंने संस्कृत में रामायण की रचना कर मानव समाज को ऐसा महान ग्रंथ दिया, जिसकी शिक्षाएं आज भी प्रासंगिक हैं। इस प्रकार के आयोजन महान विभूतियों के आदर्शों को अपनाने और उनके विचारों को जीवन में उतारने की प्रेरणा देते हैं।
भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. वंदना पोपली ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में हरियाणा सरकार संत-महापुरुष सम्मान एवं विचार प्रसार योजना चला रही है। इस योजना का उद्देश्य संतों और महापुरुषों की शिक्षाओं तथा उनकी गौरवगाथा को जन-जन तक पहुंचाना और समाज में सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना है।
समारोह के दौरान नगर परिषद चेयरपर्सन विनीता पीपल और भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. वंदना पोपली ने सफाई कर्मचारियों को उनकी कर्मठ सेवाओं के लिए सम्मानित किया। इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रवीन शर्मा, सत्यपाल धूपिया, दिनेश खिच्ची, गुलशन कुमार और भाजपा एससी मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष दारा सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

