रेवाड़ी में ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, एक भाई की मौत, दूसरा घायल
ट्रक चालक वाहन सहित फरार, पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी
रेवाड़ी, 19 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मसानी बैराज के पास रविवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों भाई राजस्थान के भिवाड़ी से बाइक पर सवार होकर रेवाड़ी आ रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, हादसे में बाइक पर पीछे बैठे 39 वर्षीय अरुण कुमार मिश्रा की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक चला रहे उनके भाई रमन कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों भाई सड़क पर गिर पड़े और गंभीर चोटें आईं।
राहगीरों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। दोनों घायलों को उपचार के लिए रेवाड़ी के नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद अरुण कुमार मिश्रा को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल रमन कुमार का अस्पताल में उपचार जारी है।
सूचना मिलते ही धारूहेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया।
पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि ट्रक और उसके चालक की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

