home page

रेवाड़ी में पेड़ पर लटका मिला युवक का शव

 | 

पुलिस को मिला सुसाइड नोट, तीन लोगों पर लगाए आरोप

रेवाड़ी, 10 सितंबर (हि.स.)। जाटूसाना थाना क्षेत्र के बेरली खुर्द गांव में गुरुवार सुबह खेतों में नीम के पेड़ से फंदे पर एक युवक का शव लटका मिला। शव मिलने की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारा। घटना की जानकारी मिलने पर कोसली डीएसपी और जाटूसाना थाना प्रभारी ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया।

मृतक की पहचान 32 वर्षीय अमित तंवर के रूप में हुई है। वह राजस्थान के ढाणी संपत गांव का रहने वाला था और बेरली खुर्द गांव में एक व्यक्ति के पास काम करता था। युवक का शव बेरली खुर्द से चौकी नंबर-दाे की ओर जाने वाले रास्ते पर खेतों में मिला।

पुलिस को मृतक के पास से एक सुसाइड नोट भी मिला है। बताया जा रहा है कि नोट में अमित ने गांव के तीन लोगों पर पैसे नहीं देने और मारपीट करने के आरोप लगाए हैं।

सुसाइड नोट मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवक ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया और सुसाइड नोट में लगाए गए आरोपों की वास्तविकता क्या है, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ मृतक के परिजनों और उसके संपर्क में रहने वाले लोगों से भी जानकारी ले रही है। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारण और सुसाइड नोट में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। मामले में पुलिस की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला