home page

रेवाड़ी: रेलवे ने स्पेशल ट्रेनों की संचालन अवधि बढ़ाई

 | 
रेवाड़ी: रेलवे ने स्पेशल ट्रेनों की संचालन अवधि बढ़ाई


रेवाड़ी-रींगस स्पेशल ट्रेनों के अतिरिक्त फेरे, दक्षिण हरियाणा के यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत

रेवाड़ी, 10 जुलाई (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे ने रेवाड़ी-रींगस-रेवाड़ी मार्ग पर संचालित दो जोड़ी स्पेशल ट्रेनों की संचालन अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया है। रेलवे के इस फैसले से खाटूश्यामजी और रींगस की यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं के साथ-साथ आम यात्रियों को भी अतिरिक्त सुविधा मिलेगी। विशेष रूप से गुरुग्राम, रेवाड़ी, नारनौल और दक्षिणी हरियाणा के अन्य क्षेत्रों के यात्रियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने शुक्रवार को बताया कि गाड़ी संख्या 09633/09634 रेवाड़ी-रींगस-रेवाड़ी स्पेशल रेलसेवा का संचालन आगे भी जारी रहेगा। यह ट्रेन रेवाड़ी से 10 और 13 जुलाई को दो अतिरिक्त ट्रिप संचालित करेगी। वहीं, रींगस से 11 और 14 जुलाई को दो अतिरिक्त फेरे लगाए जाएंगे।

इसी प्रकार गाड़ी संख्या 09637/09638 रेवाड़ी-रींगस-रेवाड़ी स्पेशल रेलसेवा की संचालन अवधि का भी विस्तार किया गया है। यह ट्रेन रेवाड़ी से 10 और 13 जुलाई को दो अतिरिक्त ट्रिप चलाएगी। वहीं, रींगस से भी 10 और 13 जुलाई को दो अतिरिक्त फेरे संचालित किए जाएंगे।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार इन स्पेशल ट्रेनों के अतिरिक्त फेरे यात्रियों की बढ़ती संख्या और धार्मिक स्थलों की ओर बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए शुरू किए गए हैं। इससे यात्रा अधिक सुगम और सुविधाजनक होगी तथा यात्रियों को नियमित ट्रेनों पर पड़ने वाले अतिरिक्त दबाव से भी राहत मिलेगी।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन के समय और आरक्षण की स्थिति की जानकारी लेने की अपील की है, ताकि वे अपनी यात्रा को बेहतर ढंग से नियोजित कर सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला