रेवाड़ीः पटौदी फ्लाईओवर के पास दर्दनाक हादसा, कार की टक्कर से चार साल के मासूम की मौत
नारनाैल, 21 मार्च (हि.स.)। हरियाणा के रेवाड़ी शहर में शुक्रवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार साल के मासूम बच्चे की जान चली गई। हादसा पटौदी फ्लाईओवर के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार कार की टक्कर से बच्चे की मौके पर ही गंभीर हालत हो गई। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
मृतक बच्चे की पहचान आयुष के रूप में हुई है, जो अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसके पिता मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। इस हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
जानकारी के अनुसार राजस्थान के झुंझनू जिले के नानूवाली बावड़ी गांव निवासी नरेंद्र ने बताया कि उनका परिवार माता शीतला के दर्शन के लिए गया हुआ था। उनके साथ जयपुर में रहने वाली उनकी बहन और उसका चार साल का बेटा आयुष भी था। शुक्रवार शाम को सभी लोग दर्शन कर वापस राजस्थान लौट रहे थे और उन्हें नारनौल होते हुए खेतड़ी जाना था। रास्ते में पटौदी फ्लाईओवर के पास नरेंद्र की पत्नी और बहन को अचानक उल्टी होने लगी, जिस कारण उन्होंने गाड़ी सड़क किनारे रोक दी। इस दौरान आयुष अपनी मां के साथ गाड़ी के पास ही सड़क पर खड़ा था। तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही दो कारों में से एक ने आयुष को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के तुरंत बाद परिजन घायल आयुष को अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपित चालक अपनी कार सहित मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों के बयान के आधार पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

