रेवाड़ी में ट्रैक्टर की टक्कर से किसान की मौत, चालक मौके से फरार
धवाना गांव में रात के समय हुआ हादसा, दो बेटों के सिर से उठा पिता का साया
रेवाड़ी, 11 अप्रैल (हि.स.)। रेवाड़ी जिले के धवाना गांव में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में किसान की मौत हो गई। खेत में गेहूं निकलवाने जा रहे किसान को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे के बाद आरोपी चालक ट्रैक्टर समेत मौके से फरार हो गया। खोल थाना पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव धवाना निवासी संजय कुमार ने बताया कि वह अपने भाई विक्रम सिंह के साथ रात के समय खेत में गेहूं निकलवाने के लिए जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने विक्रम को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही विक्रम गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
संजय ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद वह मौके की ओर दौड़ा, लेकिन तब तक ट्रैक्टर चालक वाहन समेत फरार हो चुका था। अंधेरा होने के कारण वह चालक की पहचान नहीं कर पाया। घायल विक्रम को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गयाए जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बाद में शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
इस हादसे का परिवार पर गहरा असर पड़ा है। मृतक विक्रम सिंह अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला था। उसके दो छोटे बेटे हैं, जिनमें 12 वर्षीय बड़ा बेटा विशेष श्रेणी में आता है और वह न बोल सकता है, न सुन सकता है। वहीं 10 साल का छोटा बेटा स्कूल में पढ़ता है। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार करने और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

