रेवाड़ी में रोडवेज बस से गिरी छात्रा, दोनों पैरों पर चढ़ा टायर
ग्रामीणों ने चालक को खेत से पकड़कर पीटा, गुस्साए लोगों ने लगाया जाम
रेवाड़ी, 03 सितंबर (हि.स.)। रेवाड़ी में गुरुवार सुबह ओवरलोड रोडवेज बस से गिरने के बाद 15 वर्षीय छात्रा बस के टायर की चपेट में आ गई। हादसे में छात्रा की दोनों टांगों पर बस का टायर चढ़ गया, जिससे उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने बस चालक को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी और सड़क पर जाम लगा दिया। सूचना मिलने पर कोसली पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवाया।
जानकारी के अनुसार रेवाड़ी डिपो की रोडवेज बस गुरुवार सुबह गुजरवास से रेवाड़ी के लिए रवाना हुई थी। खेड़ी पहुंचते-पहुंचते बस यात्रियों से खचाखच भर गई। खेड़ी बस स्टैंड से बस के चलने के दौरान अगली खिड़की के पास खड़ी गांव खेड़ी निवासी गंगाराम की 15 वर्षीय बेटी मधु अचानक नीचे गिर गई। इसके बाद बस का टायर उसकी दोनों टांगों के ऊपर से गुजर गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
बताया गया कि हादसे के तुरंत बाद चालक अशोक कुमार बस रोककर पास के बाजरे के खेत में जाकर छिप गया। बस में सवार यात्रियों और ग्रामीणों ने उसका पीछा किया और खेत से बाहर निकालकर उसकी पिटाई कर दी। बाद में ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया।
कोसली थाना प्रभारी विद्यासागर ने बताया कि सुबह हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
रेवाड़ी डिपो प्रधान प्रवीण कुमार और यशपाल ने हादसे के पीछे बसों की ओवरलोडिंग को प्रमुख कारण बताया। उनका कहना है कि इस रूट पर अतिरिक्त बसें चलाने की मांग कई बार अधिकारियों के सामने रखी जा चुकी है। पर्याप्त बसें नहीं होने से छात्र-छात्राओं समेत यात्रियों को भीड़ में सफर करना पड़ता है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

