रेवाड़ी में सरपंच ने पिता की याद में 35 हजार लोगों को कराया भोज
350 हलवाइयों ने तैयार किया खाना, पांच एकड़ में टेंट और छह एकड़ में पार्किंग
रेवाड़ी, 17 नवंबर (हि.स.)। जिले के रायपुर गांव में एक सरपंच अपने पिता के निधन के करीब छह महीने बाद देशोड़ी काज एवं ब्रह्म भोज का आयोजन किया। मंगलवार को आयोजित इस कार्यक्रम में करीब 35 हजार लोगों के भोजन की व्यवस्था की गई। इसके लिए 350 हलवाइयों को बुलाया गया। लोगों को देसी घी की जलेबी, लड्डू, सब्जी और पूरी परोसी गई। आयोजन के लिए पांच एकड़ में टेंट लगाया गया, जबकि वाहनों की पार्किंग के लिए छह एकड़ जमीन निर्धारित की गई। पार्किंग व्यवस्था संभालने के लिए करीब 100 गार्ड तैनात किए गए। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह भी पहुंचे।
रायपुर गांव निवासी सूबेदार अमर सिंह का 13 मई 2026 को 85 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था। उन्होंने भारतीय सेना में 18 साल तक सेवाएं दीं। वर्ष 1972 में सेना में भर्ती हुए अमर सिंह वर्ष 1999 में सूबेदार पद से सेवानिवृत्त हुए थे। उनकी पत्नी लाली देवी का भी करीब नौ साल पहले निधन हो गया था।
अमर सिंह के बेटे सुरेंद्र सिंह रायपुर गांव के सरपंच हैं। वह नंगली परसापुर पैक्स के चेयरमैन भी हैं। सुरेंद्र सिंह ने पिता की आत्मा की शांति के लिए देशोड़ी काज एवं ब्रह्म भोज कराने की इच्छा जताई थी। इसे लेकर चार नवंबर को बाबा बणदेव मंदिर में झाड़सा 360 खाप की महासभा आयोजित की गई थी। खाप प्रधान चौधरी महेंद्र सिंह ठाकरान की अध्यक्षता में हुई बैठक में 17 नवंबर को आयोजन का निर्णय लिया गया था। इससे पहले 16 नवंबर को खिचड़ी का कार्यक्रम हुआ।
कार्यक्रम में रागनी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें हरियाणा और राजस्थान सहित विभिन्न क्षेत्रों से कलाकार पहुंचे। इनमें ज्ञानेंद्र सराधना, हरेंद्र नागर, सरिता कश्यप, सोनू शेखावटी, ज्योति यादव और प्रीति चौधरी ने प्रस्तुति दी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

