home page

रेवाड़ी में रोडवेज की 40 नई बसों में तकनीकी खराबी, यात्री परेशान

 | 
रेवाड़ी में रोडवेज की 40 नई बसों में तकनीकी खराबी, यात्री परेशान


रेवाड़ी, 31 अक्टूबर (हि.स.)। रेवाड़ी रोडवेज डिपो में करीब 11 महीने पहले आई 40 नई बसों में लगातार तकनीकी खराबी आने से यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। हालात यह हैं कि प्रतिदिन एक दर्जन से अधिक बसें तकनीकी खामी के चलते खराब हो रही हैं। कई बसें मरम्मत के बाद रूट पर भेजी जाती हैं, लेकिन कुछ समय बाद दोबारा खराब हो जाती हैं। इसके चलते लोकल और लंबे रूटों पर बसों के फेरे प्रभावित हो रहे हैं।

रोडवेज चालकों ने शनिवार को बताया कि बस चलते-चलते अचानक रेस देना बंद कर देती है। ऐसे में बस को बीच रास्ते से वापस कार्यशाला या कंपनी के सर्विस स्टेशन भेजना पड़ता है। सरकार ने करीब एक साल पहले 40 बसें खरीदी थीं। डिपो में आए इन बसों को अभी 11 महीने ही हुए हैं, लेकिन इनमें लगातार तकनीकी दिक्कतें सामने आ रही हैं।

इन बसों की शुरुआती एक लाख 50 हजार किलोमीटर तक मेंटेनेंस फ्री सुविधा थी। अब तक बसें करीब एक लाख 40 हजार किलोमीटर चल चुकी हैं। इसके बावजूद खराबी का सिलसिला जारी है। कई बार मरम्मत के लिए भेजी गई बसें करीब एक महीने तक सर्विस स्टेशन में खड़ी रहती हैं। इससे डिपो में बसों की उपलब्धता कम हो रही है।

बसों की कमी के चलते महेंद्रगढ़, नारनौल, गुरुग्राम, सोहना, पलवल और पटौदी जैसे रूटों पर यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। रेवाड़ी बस स्टैंड से प्रतिदिन करीब 15 से 20 हजार यात्री सफर करते हैं। रोडवेज महाप्रबंधक निरंजन कुमार ने बताया कि यूरो-छह बसों में प्रदूषण नियंत्रण के लिए साइलेंसर के साथ विशेष महंगा पार्ट लगाया जाता है। एजेंसी ने ये पार्ट पुणे से मंगवाए हैं। बसें वारंटी में होने के कारण कंपनी की एजेंसी ही मरम्मत कर रही है। कंपनी अधिकारियों के साथ बैठक हुई है। जल्द बसों की मरम्मत करवाकर रूटों पर भेजा जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला