home page

रेवाड़ी में चिकित्सकों की हड़ताल, मरीज परेशान

 | 
रेवाड़ी में चिकित्सकों की हड़ताल, मरीज परेशान


रेवाड़ी, 07 मार्च (हि.स.)। रेवाड़ी के जिला नागरिक अस्पताल में चिकित्सकों ने शनिवार को हड़ताल रखी। हड़ताल में जिले के 144 चिकित्सक शामिल रहे। इनमें से केवल आपातकालीन सुविधाओं के लिए दस चिकित्सक मौजूद रहे। इस हड़ताल के कारण मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। ओपीडी में चिकित्सक न मिलने पर मरीजों को बिना इलाज के ही वापिस लौटना पड़ा।

हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विसेज एसोसिएशन की जिला प्रधान डाॅ. सुधा यादव ने बताया कि करनाल के घरौंडा में ड्यूटी पर तैनात एक चिकित्सक के साथ पुलिसकर्मियों ने दुर्व्यवहार किया और उनके काम में बाधा डाली। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस तरह ड्यूटी कर रहे चिकित्सक को अपराधियों की तरह कॉलर पकड़कर थाने ले जाया गया, यह पूरे चिकित्सा समुदाय का अपमान है। उन्होंने कहा कि इसी घटना के विरोध में रेवाड़ी के नागरिक अस्पताल परिसर में चिकित्सको की एसोसिएशन ने एक दिन की हड़ताल रखते हुए ओपीडी सेवाएं बंद रखी हैं।

हालांकि, मरीजों की सुविधा को देखते हुए आपातकालीन सेवाएं जारी रखी गई हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पुलिसकर्मियों के खिलाफ उचित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई नहीं की गई, तो चिकित्सक आगे भी अपनी सेवाएं बंद रखने को मजबूर होंगे। डॉक्टरों ने भी सरकार से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की अपील की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। इस मौके पर डाॅ. मनीष, डाॅ. अभिषेक, डाॅ. दीपक, डाॅ. विद्यासागर, डाॅ.रितु यादव आदि अनेक चिकित्सक मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला