home page

रेवाड़ी: जन्माष्टमी के दही-हांडी कार्यक्रम में चली गोलियां,मची भगदड़

 | 

रेवाड़ी, 05 सितंबर (हि.स.)। रेवाड़ी जिले के गांव बोड़िया कमालपुर स्थित बड़े शिव मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के दौरान शुक्रवार को आधी रात फायरिंग से दहशत फैल गई। दही-हांडी तोड़ने को लेकर हुए विवाद में युवकों ने एक के बाद एक चार राउंड हवाई फायरिंग कर दीं। गोलियों की आवाज सुनते ही मंदिर परिसर में भगदड़ मच गई। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

जानकारी के अनुसार, बड़े शिव मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर जागरण चल रहा था। आधी रात के समय दही-हांडी तोड़ने की तैयारी की जा रही थी। मटकी तोड़ने के लिए जैसे ही लाइट बंद की गई और गांव के युवक ऊपर चढ़ने लगे, उसी दौरान फायरिंग हो गई। अचानक गोलियां चलने से कार्यक्रम में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

ग्रामीणों के अनुसार, दही-हांडी तोड़ने को लेकर गांव के युवक प्रमोद का पड़ोसी गांव मांढिया निवासी संजीत, चीकू और सोले के साथ विवाद हो गया था। आरोप है कि मटकी तोड़ने को लेकर युवकों ने अंधेरे में मटकी को निशाना बनाकर फायरिंग की। इस दौरान चार राउंड हवाई फायरिंग की गई। घटना की सूचना मिलने के बाद सदर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों से जानकारी ली और घटनाक्रम की जांच शुरू की।

शनिवार को मंदिर में होने वाले भंडारे को देखते हुए सुरक्षा के लिए पुलिस बल भी तैनात कर दिया गया है। सदर थाना एसएचओ राकेश कुमार ने बताया कि दही-हांडी तोड़ने के विवाद में फायरिंग की सूचना मिली थी। ग्रामीणों ने चार राउंड हवाई फायरिंग की बात कही है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला