home page

रेवाड़ी से गोगामेड़ी मेले के लिए चलेंगी स्पेशल ट्रेनें, यात्रियों को मिलेगी राहत

 | 
रेवाड़ी से गोगामेड़ी मेले के लिए चलेंगी स्पेशल ट्रेनें, यात्रियों को मिलेगी राहत


विशेष रेल सेवा का महेंद्रगढ़, लोहारू और सादुलपुर में रहेगा ठहराव

रेवाड़ी, 05 अगस्त (हि.स.)। राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में आयोजित होने वाले प्रसिद्ध गोगामेड़ी मेले के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए उत्तर पश्चिम रेलवे ने रेवाड़ी के रास्ते विशेष ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है। इन स्पेशल ट्रेनों से रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, लोहारू, सादुलपुर सहित आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं को मेले तक पहुंचने में बड़ी सुविधा मिलेगी।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बुधवार को बताया कि ट्रेन संख्या 04791 रेवाड़ी-गोगामेड़ी मेला स्पेशल 31 अगस्त से 9 सितंबर तथा 18 से 21 सितंबर तक प्रतिदिन संचालित होगी। यह ट्रेन सुबह 6:15 बजे रेवाड़ी से रवाना होकर सुबह 10:15 बजे गोगामेड़ी पहुंचेगी। वापसी में 04792 गोगामेड़ी-रेवाड़ी मेला स्पेशल सुबह 10:45 बजे गोगामेड़ी से रवाना होकर शाम 4:50 बजे रेवाड़ी पहुंचेगी। दोनों ट्रेनें महेंद्रगढ़, लोहारू और सादुलपुर रेलवे स्टेशनों पर ठहरेंगी। इस ट्रेन में 15 साधारण श्रेणी और दो गार्ड डिब्बों सहित कुल 17 कोच लगाए जाएंगे।

इसके अलावा 04795 रेवाड़ी-गोगामेड़ी मेला स्पेशल 30 अगस्त से नाै सितंबर तथा 18 से 20 सितंबर तक शाम 6:10 बजे रेवाड़ी से रवाना होकर रात 11:10 बजे गोगामेड़ी पहुंचेगी। वापसी में 04796 गोगामेड़ी-रेवाड़ी मेला स्पेशल रात 11:40 बजे गोगामेड़ी से चलकर अगले दिन सुबह 5:15 बजे रेवाड़ी पहुंचेगी।

रेलवे ने श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए 04707 सादुलपुर-गोगामेड़ी मेला स्पेशल भी 28 अगस्त से 26 सितंबर तक संचालित करने का निर्णय लिया है। रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से समय से पहले स्टेशन पहुंचने और यात्रा से पहले ट्रेन के समय की पुष्टि करने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला