home page

रेवाड़ी-फुलेरा स्पेशल ट्रेन का मदार जंक्शन तक विस्तार

 | 
रेवाड़ी-फुलेरा स्पेशल ट्रेन का मदार जंक्शन तक विस्तार


नारनौल, अटेली और कुंड सहित आसपास के यात्रियों को राजस्थान आने-जाने में सुविधा

रेवाड़ी, 28 अगस्त (हि.स.)। रेवाड़ी से राजस्थान जाने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने बड़ी सुविधा दी है। रेलवे ने रेवाड़ी-फुलेरा-रेवाड़ी स्पेशल ट्रेन का विस्तार मदार जंक्शन तक कर दिया है। अब यह ट्रेन रेवाड़ी-मदार जंक्शन-रेवाड़ी अनारक्षित स्पेशल के रूप में संचालित होगी। ट्रेन के मदार तक विस्तार से नारनौल, अटेली, कुंड और आसपास के क्षेत्र के यात्रियों को राजस्थान की ओर आने-जाने में अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने शुक्रवार को बताया कि गाड़ी संख्या 09717 रेवाड़ी-मदार जंक्शन स्पेशल 29 से 31 अगस्त तक तीन ट्रिप और चार से सात सितंबर तक चार ट्रिप संचालित होगी। ट्रेन रेवाड़ी से सुबह 4:15 बजे रवाना होगी। इसके बाद फुलेरा सुबह 9:20 बजे, नरैना 9:39 बजे और किशनगढ़ 10:14 बजे पहुंचेगी। ट्रेन सुबह 11 बजे मदार जंक्शन पहुंचेगी।

वापसी में गाड़ी संख्या 09718 मदार जंक्शन-रेवाड़ी स्पेशल मदार से सुबह 11:50 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन किशनगढ़, नरैना और फुलेरा होते हुए शाम 5:30 बजे रेवाड़ी पहुंचेगी। स्पेशल ट्रेन का कुंड, अटेली, नारनौल, निजामपुर, डाबला, मांवडा, नीमकाथाना, कावंट, श्रीमाधोपुर, रींगस, रेनवाल, फुलेरा, नरैना और किशनगढ़ स्टेशनों पर ठहराव रहेगा। इससे इन क्षेत्रों के यात्रियों को सीधे रेल कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा।

ट्रेन में 13 साधारण श्रेणी के डिब्बे और दो गार्ड डिब्बे होंगे। इस तरह ट्रेन में कुल 15 डिब्बे होंगे। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि मार्ग के अन्य स्टेशनों पर ट्रेन के संचालन का समय और ठहराव पहले की तरह ही रहेगा। त्योहारी सीजन में ट्रेन के विस्तार से यात्रियों को राजस्थान की ओर आवागमन के लिए अतिरिक्त रेल सुविधा मिलने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला