रेवाड़ी में सोनीपत के युवक की मौत, कीटनाशक सेवन से आत्महत्या की आशंका
कमरे में अकेला था युवक, भाई के लौटने पर जमीन पर मिला शव, पुलिस ने शुरू की जांच
रेवाड़ी, 09 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा के रेवाड़ी जिले के गांव बिठवाना गज्जीवास में बुधवार शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां सोनीपत निवासी 40 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में कीटनाशक सेवन से आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना के समय मृतक का भाई किसी काम से बाहर गया हुआ था और लौटने पर उसने भाई को कमरे में जमीन पर पड़ा पाया।
मृतक की पहचान सोनीपत जिला निवासी संजय (40) के रूप में हुई है। उसके भाई श्याम सुंदर ने बताया कि वह बिठवाना के यूनिक विहार गज्जीवास में किराए पर रहता है और एक निजी कंपनी में कार्यरत है। कुछ समय पहले संजय उसके पास रहने के लिए आया था। श्याम सुंदर के अनुसार, संजय को शराब पीने की आदत थी और वह अक्सर नशे में रहता था। बुधवार शाम को श्याम सुंदर किसी जरूरी काम से बाहर गया हुआ था। जब वह देर शाम वापस अपने कमरे पर लौटा तो उसने देखा कि संजय जमीन पर बेसुध पड़ा हुआ है।
पास में ही एक कीटनाशक की बोतल भी मिली। परिजनों ने आशंका जताई है कि संजय ने शराब के नशे में गलती से या जानबूझकर कीटनाशक का सेवन कर लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मॉडल टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मौके से सबूत जुटाए हैं और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम की रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। जिसके आधार पर आगे की प्रक्रिया तय की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

