home page

रेवाड़ी में स्मैक के साथ दो नशा तस्कर गिरफ्तार

 | 

रामपुरा थाना पुलिस और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने अलग-अलग कार्रवाई कर पकड़ा

रेवाड़ी, 28 अगस्त (हि.स.)। रेवाड़ी में नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए रामपुरा थाना पुलिस और स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की टीम ने दो युवकों को स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान मोहल्ला कुतुबपुर निवासी खड़ग सिंह और रामपुरा निवासी कपिल के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दोनों मामलों में पुलिस आरोपियों से नशीले पदार्थ की खरीद-फरोख्त से जुड़े नेटवर्क के बारे में पूछताछ कर रही है।

पुलिस प्रवक्ता ने शुक्रवार को बताया कि रामपुरा थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि कुतुबपुर मोहल्ले में एक युवक नशीला पदार्थ लेकर घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम बताए गए स्थान पर पहुंची। यहां एक टेंट हाउस के पास बंद पड़े मकान के नजदीक एक संदिग्ध युवक खड़ा दिखाई दिया। पुलिस ने उसे काबू कर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान युवक के कब्जे से 1.70 ग्राम स्मैक बरामद हुई। आरोपी की पहचान खड़ग सिंह के रूप में हुई। पुलिस ने स्मैक को कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

वहीं, स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की टीम को भी नशीले पदार्थ की तस्करी की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने बताए गए स्थान पर छापेमारी की। टीम को स्कूल के पास बने तालाब पर एक संदिग्ध युवक खड़ा दिखाई दिया। पुलिस को देखकर युवक ने मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने उसे पीछा कर दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 7.12 ग्राम स्मैक बरामद हुई। आरोपी की पहचान कपिल निवासी रामपुरा के रूप में हुई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मामले दर्ज किए हैं। अब पुलिस नशे की सप्लाई और इससे जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला