रेवाड़ी: आगे से पांंच झुग्गियां नष्ट, दो घंटे की मशक्कत के बाद काबू
रेवाड़ी, 04 मई (हि.स.)। रेवाड़ी में कोनसीवास रोड स्थित एक खाली प्लॉट में सोमवार दोपहर अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास रह रहे लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन आगजनी में पांच झुग्गियां पूरी तरह जलकर राख हो गईं।
इसके अलावा झुग्गियों में रखा सामान, दो मोटरसाइकिल और आठ रेहड़ियां भी आग की भेंट चढ़ गईं। मिली जानकारी के अनुसार, इस खाली प्लॉट में करीब 15 से 18 झुग्गियां बनी हुई हैं, जिनमें अधिकतर लोग पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं और यहां कबाड़ का काम करते हैं। बताया जा रहा है कि कुछ परिवार वोट डालने के लिए अपने गृह राज्य गए हुए थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उन्हीं में से एक परिवार की झुग्गी में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी, जिसने देखते ही देखते आसपास की पांच-छह झुग्गियों को अपनी चपेट में ले लिया।
आग की सूचना मिलते ही रेवाड़ी फायर स्टेशन से तीन दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए धारूहेड़ा और बावल से भी एक-एक गाड़ी बुलाई गई। फायर कर्मियों ने पहले आसपास फैले कबाड़ और झुग्गियों को ध्यान में रखते हुए आग को फैलने से रोकने पर फोकस किया, ताकि बड़ा हादसा टाला जा सके। इसके बाद संयुक्त प्रयास से करीब दो घंटे में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

