home page

रेवाड़ी: शेयर बाजार में मुनाफे का झांसा देकर 1.41 करोड़ ठगे

 | 
रेवाड़ी: शेयर बाजार में मुनाफे का झांसा देकर 1.41 करोड़ ठगे


रेवाड़ी, 27 नवंबर (हि.स.)। शेयर बाजार में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने शहर के एक व्यक्ति से एक करोड़ 41 लाख 50 हजार रुपये ठग लिए। पीड़ित ने बीपी वेल्थ कंपनी में डीएमए अकाउंट खुलवाकर शेयर खरीदने के नाम पर अलग-अलग बैंक खातों में रकम ट्रांसफर की थी। निवेश की रकम निकालने के लिए 10 लाख रुपये प्रोसेसिंग फीस मांगे जाने पर उसे धोखाधड़ी का शक हुआ। शिकायत के आधार पर साइबर क्राइम थाना रेवाड़ी में केस दर्ज किया गया है।

पुलिस प्रवक्ता ने शुक्रवार को बताया कि पीड़ित प्रवीण कुमार ने कंपनी के माध्यम से शेयर बाजार में निवेश किया था। उसने अलग-अलग तारीखों में कई बैंक खातों में रुपये भेजे। जब उसने अपनी निवेश की गई रकम निकालने के लिए रिक्वेस्ट डाली तो कंपनी की ओर से 10 लाख रुपये प्रोसेसिंग फीस जमा कराने को कहा गया। इतनी बड़ी रकम की मांग होने पर प्रवीण को शक हुआ। उसने कंपनी के कस्टमर केयर नंबर पर संपर्क किया तो उसके साथ धोखाधड़ी होने का पता चला।

शिकायत के अनुसार, प्रवीण ने तीन नवंबर को 40 लाख रुपये दास गोल्डन ट्रेडिंग प्राइवेट लिमिटेड के रत्नाकर बैंक खाते में भेजे। 13 नवंबर को मैनिफाई कार एक्सेसरीज प्राइवेट लिमिटेड के खाते में 20 लाख, सेवेरियन फार्मास्यूटिकल प्राइवेट लिमिटेड के खाते में 20 लाख और स्वरा ट्रेडर्स के खाते में 25 लाख रुपये ट्रांसफर किए।

इसके बाद 19 नवंबर को जिवारा ट्रेडर्स के खाते में छह लाख 50 हजार और अंजनेया एंटरप्राइज के खाते में 10 लाख रुपये भेजे। 20 नवंबर को हावड़ा अक्षय पल्लीग्राम संघ के खाते में 10 लाख रुपये ट्रांसफर किए। इस तरह कुल एक करोड़ 41 लाख 50 हजार रुपये अलग-अलग खातों में पहुंचाए गए। पुलिस ने 26 नवंबर को केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला