रेवाड़ीः सड़क हादसे में राजस्थान निवासी महिला की मौत
भुड़ला फ्लाईओवर के पास हादसा, पति गंभीर घायल, चालक वाहन छोड़कर फरार
रेवाड़ी, 05 अप्रैल (हि.स.)। रेवाड़ी में दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 40 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा भुड़ला फ्लाईओवर के पास उस समय हुआ जब तेज रफ्तार कंटेनर ने पीछे से बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
मृतका की पहचान राजस्थान के भिवाड़ी क्षेत्र निवासी कविता (40) के रूप में हुई है, जबकि उनके पति सुरेंद्र गंभीर रूप से घायल हैं। जानकारी के अनुसार दंपति अपने गांव मिलकपुर गुर्जर से अपनी बेटी के ससुराल बावल स्थित जैतपुर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कविता कंटेनर की चपेट में आ गईं और मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं सुरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक कंटेनर को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
गढ़ी बोलनी चौकी इंचार्ज महिपाल सिंह के अनुसार सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घायल को बिना देरी किए अपनी गाड़ी से रेवाड़ी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार कंटेनर चालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

