home page

रेवाड़ी रेलवे स्टेशन पर लगेंगे डिजिटल कियोस्क, यात्रियों को मिलेगी राह

 | 
रेवाड़ी रेलवे स्टेशन पर लगेंगे डिजिटल कियोस्क, यात्रियों को मिलेगी राह


रेवाड़ी, 27 अक्टूबर (हि.स.)। रेवाड़ी रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को प्लेटफॉर्म, टिकट घर या वेटिंग हॉल तलाशने के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। स्टेशन के मुख्य प्रवेश क्षेत्र में टच-स्क्रीन कियोस्क लगाए जाएंगे, जिनकी मदद से यात्री स्टेशन का नक्शा देखकर विभिन्न सुविधाओं तक पहुंचने का रास्ता जान सकेंगे। रेलवे प्रशासन ने रेवाड़ी और अलवर जंक्शन पर डिजिटल मार्गदर्शक लगाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के जयपुर मंडल के सीनियर डीसीएम भूपेश यादव ने मंगलवार को बताया कि यात्रियों का सफर अधिक आरामदायक और सुगम बनाने के उद्देश्य से यह पहल की जा रही है। रेलवे का लक्ष्य चालू वित्तीय वर्ष के अंत तक काम पूरा करके यात्रियों को यह सुविधा उपलब्ध कराने का है। रेलवे प्रशासन नागपुर स्टेशन पर इस्तेमाल किए जा रहे डिजिटल नेविगेशन मॉडल की तर्ज पर रेवाड़ी और अलवर में भी यह व्यवस्था विकसित करेगा। इसके लिए दोनों स्टेशनों के मुख्य सर्कुलेटिंग एरिया यानी प्रवेश द्वार के आसपास कियोस्क लगाए जाएंगे। डिजिटल मार्गदर्शक में स्टेशन परिसर का नक्शा और विभिन्न सुविधाओं की लोकेशन उपलब्ध होगी। यात्री टच-स्क्रीन पर विकल्प चुनकर प्लेटफॉर्म, टिकट काउंटर, पूछताछ केंद्र, वेटिंग हॉल और विश्राम कक्ष तक पहुंचने का रास्ता देख सकेंगे। इसके अलावा फुट ओवरब्रिज, लिफ्ट, एस्केलेटर, खानपान स्टॉल और निकास द्वार की जानकारी भी मिलेगी। इस व्यवस्था में क्यूआर कोड की सुविधा भी दी जाएगी। यात्री कोड स्कैन करके संबंधित जानकारी अपने स्मार्टफोन पर देख सकेंगे। इससे स्टेशन पर पहली बार आने वाले यात्रियों को भी सुविधाएं तलाशने में आसानी होगी। रेलवे की इस पहल से यात्रियों का समय बचेगा और स्टेशन परिसर में आवागमन अधिक सुविधाजनक होने की उम्मीद है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला