home page

रेवाड़ी में मजदूर संगठनों ने रोष मार्च निकालकर सौंपा ज्ञापन

 | 
रेवाड़ी में मजदूर संगठनों ने रोष मार्च निकालकर सौंपा ज्ञापन


रेवाड़ी, 25 फ़रवरी (हि.स.)। रेवाड़ी में मजदूर संगठनों ने बुधवार को अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रोष मार्च निकाला। कर्मचारियों ने नेहरू पार्क से सचिवालय तक निकाले रोष मार्च के दौरान सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी नाराजगी जताई और मुख्यमंत्री के नाम 17 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा।

इससे पहले विभिन्न संगठनों के कर्मचारी नेहरू पार्क में एकत्रित हुए। भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश महामंत्री हवा सिंह मैहला ने सरकार पर निजीकरण को बढ़ावा देने और कर्मचारियों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार श्रमिकों के अधिकारों को कमजोर कर रही है। कर्मचारी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने समय रहते उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। भारतीय मजदूर संघ ने मुख्यमंत्री के नाम 17 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि सभी कर्मचारियों को सेवा सुरक्षा प्रदान की जाए। विभिन्न संस्थाओं में कार्यरत अनुबंधित कर्मचारियों को एचकेआरएन में शामिल किया जाए तथा बिजली निगम कर्मचारियों को अंशदायी पेंशन की बजाय हरियाणा सिविल सेवा पेंशन स्कीम में शामिल किया जाए।

उन्होंने कहा कि अक्टूबर 2025 से पहले नियुक्त कर्मचारियों को ओल्ड पेंशन स्कीम का लाभ दिया जाए वहीं आंगनवाड़ी वर्कर्स और हेल्पर्स को सरकारी कर्मचारी का दर्जा दिया जाए।

कर्मचारी नेताओं ने सरकार पर निजीकरण का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार लगातार सरकारी विभागों का निजीकरण कर रही है, जिससे कर्मचारियों का भविष्य असुरक्षित हो गया है। उन्होंने कहा कि मजदूर वर्ग समाज की रीढ़ है और उनकी अनदेखी किसी भी सरकार के लिए नुकसानदायक साबित होगी। साथ ही कहा कि जल्द से जल्द उनकी मांगों को पूरा किया जाए, अन्यथा वे बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला