home page

रेवाड़ी में छठ पूजा की तैयारियां तेज, 500 घाटों पर उमड़ेंगे श्रद्धालु

 | 
रेवाड़ी में छठ पूजा की तैयारियां तेज, 500 घाटों पर उमड़ेंगे श्रद्धालु


रेवाड़ी, 05 नवंबर (हि.स.)। पूर्वांचल और बिहार मूल के लोगों के प्रमुख पर्व छठ पूजा को लेकर रेवाड़ी जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। विभिन्न सामाजिक और सांस्कृतिक संगठनों की ओर से छठ घाटों को तैयार किया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए घाटों की सफाई, सजावट और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इस बार रेवाड़ी, धारूहेड़ा, भिवाड़ी और बावल सहित विभिन्न स्थानों पर करीब 500 छठ घाट बनाए जाएंगे, जहां हजारों श्रद्धालु छठी मैया और सूर्यदेव की आराधना करेंगे।

पूर्वांचल छठ पूजा समिति के अध्यक्ष राजीव कुमार ने गुरुवार को बताया कि समिति की ओर से कोनसीवास रोड स्थित श्याम वाटिका के सामने छठ घाट का निर्माण कराया गया है। पूजा स्थल के आसपास सफाई अभियान चलाकर कृत्रिम घाट को व्यवस्थित किया जा रहा है। घाट के आसपास स्वागत द्वार बनाए जा रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि कृत्रिम घाटों को इस तरह तैयार किया जा रहा है कि एक बार में 250 से अधिक श्रद्धालु खड़े होकर सूर्यदेव को अर्घ्य दे सकेंगे। पर्व के दौरान घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। इसे देखते हुए व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

राजीव कुमार ने बताया कि 15 नवंबर को दोपहर बाद तीन बजे से छठ पूजा का आयोजन शुरू होगा। इस दौरान व्रती अस्त होते सूर्यदेव को अर्घ्य देंगे। इसके साथ ही भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अगले दिन 16 नवंबर को सुबह चार बजे से पूजा-अर्चना शुरू होगी। श्रद्धालु उगते सूर्यदेव को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करेंगे। इसके बाद श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया जाएगा। छठ पूजा को लेकर पूर्वांचल समाज में उत्साह का माहौल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला