home page

रेवाड़ी में ट्रक ने पुलिस की गाड़ी को मारी टक्कर, चालक घायल

 | 
रेवाड़ी में ट्रक ने पुलिस की गाड़ी को मारी टक्कर, चालक घायल


हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत फरार

रेवाड़ी, 27 सितंबर (हि.स.)। रेवाड़ी में दिल्ली रोड स्थित राव अभय सिंह चौक पर शनिवार रात तेज रफ्तार ट्रक ने पुलिस की गाड़ी को टक्कर मार दी। हादसा इतना जोरदार था कि पुलिस की गाड़ी का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में पुलिस गाड़ी का चालक करण घायल हो गया। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल चालक को उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया।

जानकारी के अनुसार लाला गांव निवासी करण हरियाणा कौशल रोजगार निगम (HKRN) के तहत रेवाड़ी पुलिस में चालक के पद पर कार्यरत है। शनिवार रात वह पुलिस की गाड़ी लेकर दिल्ली रोड से पुलिस लाइन की तरफ जा रहा था। इसी दौरान राव अभय सिंह चौक के पास एक ट्रक ने उसकी गाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी। अचानक हुई टक्कर से करण को चोटें आईं और पुलिस वाहन का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल करण को तत्काल ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है।

वहीं, हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे से संबंधित जानकारी जुटाई। फरार ट्रक चालक की पहचान और तलाश के लिए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के आधार पर ट्रक और उसके चालक का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला