रेवाड़ी में पुलिस गाड़ी को पिकअप ने मारी टक्कर, आरोपी झज्जर से गिरफ्तार
देर रात गश्त के दौरान हुआ हादसा, एसएचओ समेत सभी सुरक्षित, फरार चालक को पुलिस ने दबोचा
रेवाड़ी, 11 अप्रैल (हि.स.)। रेवाड़ी जिले में शुक्रवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब गश्त पर निकली पुलिस की गाड़ी को पीछे से एक तेज रफ्तार पिकअप ने टक्कर मार दी। यह घटना रोहतक-रेवाड़ी हाईवे पर पाल्हावास फ्लाईओवर के पास हुई। हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे झज्जर में वाहन सहित गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, रोहड़ाई थाना प्रभारी विद्यासागर अपने चालक सिपाही विनोद के साथ रात में गश्त पर थे। उनकी गाड़ी पाल्हावास चौक से गुरावड़ा की ओर जा रही थी। इसी दौरान पीछे से आ रही एक पिकअप ने अचानक तेज रफ्तार में पुलिस वाहन को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि गाड़ी को नुकसान पहुंचा, लेकिन गनीमत रही कि उसमें सवार सभी पुलिसकर्मी सुरक्षित बच गए।
हादसे के तुरंत बाद आरोपी चालक पिकअप सहित मौके से फरार हो गया और झज्जर की ओर भाग निकला। पुलिस ने तुरंत वायरलेस के जरिए कंट्रोल रूम को सूचना दी, जिसके बाद आसपास के जिलों में अलर्ट जारी कर दिया गया। तेजी से कार्रवाई करते हुए झज्जर पुलिस ने कुछ ही समय में आरोपी चालक को वाहन सहित पकड़ लिया। आरोपी की पहचान पदम खान के रूप में हुई है, जो मूल रूप से मलेरकोटला के बादशाहपुर का निवासी है और वर्तमान में बहादुरगढ़ में रह रहा था।
एसएचओ विद्यासागर ने बताया कि हादसे के समय मौजूद सभी पुलिसकर्मी ठीक हैं, हालांकि वाहन को नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

