home page

रेवाड़ी रेलवे स्टेशन के सभी प्लेटफार्म पर लगेंगी प्लास्टिक बोतल क्रशिंग मशीनें

 | 
रेवाड़ी रेलवे स्टेशन के सभी प्लेटफार्म पर लगेंगी प्लास्टिक बोतल क्रशिंग मशीनें


रेवाड़ी जंक्शन उत्तर पश्चिम रेलवे के आधुनिक और बेहतर सुविधाओं से लैस प्रमुख स्टेशनों में शामिल होगा

रेवाड़ी, 07 जून (हि.स.)। रेवाड़ी रेलवे स्टेशन को पूर्ण रूप से पालीथिन मुक्त बनाने की दिशा में रेलवे प्रशासन ने कदम तेज कर दिए हैं। इसके तहत स्टेशन के सभी प्लेटफार्मों पर प्लास्टिक बोतल क्रशिंग मशीनें स्थापित की जाएंगी। मशीनें स्टेशन पर पहुंच चुकी हैं और फिलहाल इनके लिए बिजली कनेक्शन तथा अन्य तकनीकी फिटिंग का कार्य किया जा रहा है। जल्द ही ये मशीनें यात्रियों के उपयोग के लिए शुरू कर दी जाएंगी।

शनिवार को जयपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) रवि जैन, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक पूजा मित्तल तथा अन्य अधिकारियों ने रेवाड़ी जंक्शन का दौरा कर स्टेशन पर चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने प्लेटफार्मों पर उपलब्ध सुविधाओं और निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान डीआरएम रवि जैन ने कहा कि आने वाले समय में रेवाड़ी जंक्शन उत्तर पश्चिम रेलवे के आधुनिक और बेहतर सुविधाओं से लैस प्रमुख स्टेशनों में शामिल होगा। यात्रियों की सुविधा के लिए प्लेटफार्म संख्या एक से आठ तक रैंप निर्माण का कार्य चल रहा है। इसके अलावा सिग्नल प्रणाली को अधिक प्रभावी और सुरक्षित बनाने के लिए विद्युतीकरण कार्य भी तेजी से किया जा रहा है। अधिकारियों ने स्टेशन पर शौचालयों, पेयजल व्यवस्था तथा यात्रियों के बैठने की सुविधाओं का भी निरीक्षण किया।

इस दौरान यह मुद्दा भी सामने आया कि प्लेटफार्म संख्या एक से तीन के बीच दिव्यांगजनों और वृद्ध यात्रियों के आवागमन के लिए बने रैंप निर्माण कार्य के कारण हटाए गए हैं और अभी तक उनका वैकल्पिक प्रबंध नहीं किया गया है। इस पर डीआरएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रैंपए एस्केलेटर और लिफ्ट जैसी सुविधाओं का कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा। वहीं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक पूजा मित्तल ने प्लास्टिक क्रशिंग मशीनों, लगेज लॉकर और टिकटिंग व्यवस्था की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान रेलवे के स्थानीय अधिकारी भी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला