home page

रेवाड़ी में पीसीआर और बाइक की टक्कर, युवक की मौत

 | 

रेवाड़ी-दिल्ली रोड पर हुआ हादसा, रोहतक में उपचार के दौरान युवक ने तोड़ा दम

रेवाड़ी, 20 अगस्त (हि.स.)। दिल्ली रोड पर रोजका गांव के पास बुधवार रात पुलिस की पीसीआर और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार करीब 25 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के दौरान रोहतक में उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान रोजका गांव निवासी शशिकांत के रूप में हुई है। हादसे के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार धारूहेड़ा थाना की पीसीआर नंबर छह बुधवार रात किसी काम से रोजका गांव गई थी। काम पूरा करने के बाद पुलिस टीम पीसीआर में सवार होकर वापस धारूहेड़ा की ओर लौट रही थी। इसी दौरान गांव के मोड़ के पास सामने से आ रही बाइक की पीसीआर से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार शशिकांत गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के तुरंत बाद पुलिसकर्मियों ने घायल युवक को उपचार के लिए रेवाड़ी के अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद रोहतक रेफर कर दिया। परिजन उसे उपचार के लिए रोहतक लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान शशिकांत ने दम तोड़ दिया।

बताया गया है कि शशिकांत धारूहेड़ा स्थित एक कंपनी में काम करता था। वह तीन भाइयों में सबसे छोटा था और अभी अविवाहित था। हादसे की सूचना मिलने के बाद परिवार में मातम छा गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है। पुलिस घटनास्थल के आसपास उपलब्ध जानकारी और परिस्थितियों के आधार पर मामले की जांच में जुटी हुई है। हादसे के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला