रेवाड़ी पुलिस ने चलाया ऑपरेशन ट्रैक डाउन, 10 आरोपी दबोचे
नशा तस्करों, सटोरियों और जुआरियों पर शिकंजा, गांजा-स्मैक सहित नकदी और शराब बरामद
रेवाड़ी, 10 अगस्त (हि.स.)। अपराध और नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन ट्रैक डाउन के तहत साेमवार काे पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा, स्मैक, जुआ-सट्टा राशि और देशी शराब बरामद की है। आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
एसपी हेमेंद्र कुमार मीणा ने सोमवार को बताया कि सीआईए धारूहेड़ा ने बावल थाना क्षेत्र से अमित कुमार निवासी जनकपुरी दिल्ली, हाल किरायेदार झाबुआ रोड बावल को 210 ग्राम गांजा सहित गिरफ्तार किया। सेक्टर-तीन चौकी पुलिस ने रिजाऊल इस्लाम निवासी दाऊदपुर, जिला मेदनीपुर पश्चिम बंगाल, हाल निवासी कंटेनर डिपो के पास झुग्गी-झोपड़ी रेवाड़ी को 306.33 ग्राम गांजा सहित पकड़ा। शहर थाना पुलिस ने कार्तिक निवासी डैरोली अहीर, जिला महेंद्रगढ़, हाल निवासी जलियावास को 28.38 ग्राम गांजा सहित गिरफ्तार किया। वहीं सेक्टर-छह धारूहेड़ा थाना पुलिस ने जितेंद्र निवासी वार्ड-सात धारूहेड़ा को एक ग्राम स्मैक के साथ पकड़ा। रामपुरा थाना पुलिस ने ब्रह्मदत्त निवासी शास्त्री नगर रेवाड़ी को 102 ग्राम गांजा सहित गिरफ्तार किया। पुलिस ने सट्टेबाजी के खिलाफ भी कार्रवाई की। गोकल गेट चौकी ने अमरजीत को 2350 रुपये, भाड़ावास चौकी ने राजू को 1560 रुपये तथा जगन गेट चौकी ने शिवम को 1530 रुपये सट्टा राशि सहित गिरफ्तार किया। इसके अलावा गोकल गेट पुलिस ने पंकज को 50 पव्वे देशी शराब सहित पकड़ा। आर्म्स एक्ट के मामले में राजन को भी गिरफ्तार किया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

