रेवाड़ी में टैंकरों से तेल चोरी का भंडाफोड़, छापे में एक आरोपी गिरफ्तार
रेवाड़ी, 08 मई (हि.स.)। रेवाड़ी जिले में रेवाड़ी-रोहतक हाईवे स्थित गंगायचा टोल प्लाजा के समीप टैंकरों से तेल चोरी कर कालाबाजारी करने के मामले का सदर थाना पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने शुक्रवार को छापेमारी कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जबकि उसके अन्य साथी मौके से फरार हो गए। गिरफ्तार आरोपी की पहचान भवाड़ी निवासी अमन के रूप में हुई है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गंगायचा टोल के पास एक पुराने टीनशेड में टैंकरों से डीजल और पेट्रोल चोरी कर अवैध रूप से बेचा जा रहा है। सूचना के आधार पर सदर थाना पुलिस ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे, लेकिन पुलिस ने अमन को मौके पर ही काबू कर लिया। वहीं उसके अन्य साथी अंधेरे और खेतों का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहे।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक पिकअप वाहन से ड्रमों में भरा करीब एक हजार लीटर पेट्रोल बरामद किया। इसके अलावा तेल निकालने वाली पाइपए दो बड़ी प्लास्टिक की बाल्टियां और एक छोटा जनरेटर भी जब्त किया गया। पुलिस ने पूरे सामान को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के निरीक्षक मुकेश कुमार को भी मौके पर बुलाया गया। उन्होंने बरामद पेट्रोल के सैंपल लेकर लैब जांच के लिए भेज दिए हैं, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि तेल में किसी प्रकार की मिलावट तो नहीं की गई।
जानकारी के अनुसार रेवाड़ी जिले के बावल रोड स्थित करनावास क्षेत्र में तेल कंपनियों के बड़े डिपो मौजूद हैं, जहां से रेवाड़ी समेत कई जिलों में टैंकरों के जरिए डीजल और पेट्रोल की सप्लाई की जाती है। आरोप है कि डिपो से निकलने के बाद कुछ गिरोह रास्ते में ही टैंकरों से तेल चोरी कर उसे अवैध रूप से बेचते हैं। बावल रोड और आसपास के इलाकों में पहले भी तेल चोरी के कई मामले सामने आ चुके हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर फरार साथियों की तलाश शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

