home page

रेवाड़ीः हरियाणा में पेयजल संकट नहीं होने देंगे, लापरवाह अधिकारियों पर होगी कार्रवाईः रणबीर गंगवा

 | 
रेवाड़ीः हरियाणा में पेयजल संकट नहीं होने देंगे, लापरवाह अधिकारियों पर होगी कार्रवाईः रणबीर गंगवा


रेवाड़ी, 04 जून (हि.स.)। जन स्वास्थ्य एवं लोक निर्माण (पीडब्ल्यूडी) मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि प्रदेश में पेयजल की किल्लत किसी भी सूरत में नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

मंत्री गुरुवार को लोकसंपर्क एवं परिवेदना समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक के दौरान गंगवा ने बताया कि आगामी मानसून को देखते हुए सभी नालों की सफाई के आदेश पहले ही जारी किए जा चुके हैं। इसके साथ ही सीवर व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 275 सुपर सक्शन मशीनें खरीदी जा रही हैं, ताकि जलभराव और सीवर जाम जैसी समस्याओं से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

बैठक में कुल 14 शिकायतों पर सुनवाई की गई, जिनमें से 10 का समाधान मौके पर ही कर दिया गया, जबकि चार मामलों को आवश्यक कार्रवाई के लिए लंबित रखा गया। सुनवाई के दौरान मंत्री ने कई विभागीय अधिकारियों की कार्यशैली पर नाराजगी जताई और उन्हें फटकार भी लगाई।

कोसली क्षेत्र में 230 वर्ग गज के एक प्लॉट से जुड़े मामले की सुनवाई करते हुए मंत्री ने जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी केवल कार्यालयों तक सीमित न रहें, बल्कि फील्ड में जाकर लोगों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) के एक अधिकारी के प्रति भी नाराजगी जताई और स्पष्ट कहा कि अगली बैठक में जिसकी भी गलती सामने आएगी, उसके खिलाफ कार्रवाई तय होगी। अंसल टाउनशिप के 10 मकानों को बिजली कनेक्शन नहीं मिलने की शिकायत पर मंत्री ने बिल्डर को 15 दिन का अंतिम अवसर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्धारित अवधि में बैंक गारंटी जमा नहीं होने पर बिल्डर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए।

बैठक में कोसली विधायक अनिल यादव, भाजपा जिला अध्यक्ष वंदना पोपली, उपायुक्त अभिषेक मीणा, पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र मीणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला