home page

रेवाड़ी: बावल से बहरोड़ तक बढ़ेगा नमो भारत कॉरिडोर, चार नए स्टेशन बनेंगे

 | 
रेवाड़ी: बावल से बहरोड़ तक बढ़ेगा नमो भारत कॉरिडोर, चार नए स्टेशन बनेंगे


हरियाणा-राजस्थान के उद्योगों को मिलेगा लाभ

रेवाड़ी, 29 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली के सराय कालेखां से गुरुग्राम-बावल तक प्रस्तावित नमो भारत (आरआरटीएस) कॉरिडोर को अब पहले चरण में ही राजस्थान के बहरोड़ तक विस्तारित किया जाएगा। केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने बुधवार को बताया कि उन्होंने इस संबंध में केंद्रीय वित्त विभाग को पत्र लिखकर परियोजना को मंजूरी देने का अनुरोध किया था, जिसके बाद कॉरिडोर को बावल से आगे बहरोड़ तक बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।

राव इंद्रजीत सिंह ने बताया कि बावल से बहरोड़ तक करीब 36 किलोमीटर लंबे इस नए हिस्से में चार स्टेशन बनाए जाएंगे। इस मार्ग पर यात्रा करने वाले यात्रियों को महज 24 मिनट में यह दूरी तय करने की सुविधा मिलेगी। प्रस्तावित विस्तार में 11 किलोमीटर हिस्सा हरियाणा और 25 किलोमीटर हिस्सा राजस्थान में विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आरआरटीएस परियोजना के प्रारंभिक प्रस्ताव में कॉरिडोर को नीमराणा-बहरोड़ तक ले जाने की योजना थी, लेकिन बाद में इसे कभी धारूहेड़ा तो कभी बावल तक सीमित कर दिया गया।

इसके बाद सामाजिक संगठनों और राजस्थान के लोगों की ओर से लगातार मांग उठाई जा रही थी कि परियोजना को अपने मूल स्वरूप के अनुसार बहरोड़ तक बढ़ाया जाए। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि हाल ही में आयोजित एनसीआर प्लानिंग बोर्ड की बैठक में दिल्ली के सराय कालेखां से बावल तक बन रहे नमो भारत कॉरिडोर को बहरोड़ तक विस्तारित करने के प्रस्ताव पर विस्तार से विचार किया गया। उन्होंने कहा कि शाहजहांपुर, नीमराणा और बहरोड़ जैसे प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों को इस कॉरिडोर से जोड़ना आवश्यक है, क्योंकि यहां कार्यरत हजारों कर्मचारियों और उद्योगों को तेज, सुरक्षित और सुगम परिवहन सुविधा मिलेगी।

राव इंद्रजीत सिंह ने बताया कि नांगल चौधरी में विकसित हो रहे लॉजिस्टिक हब, आईएमटी बावल के भविष्य के विस्तार तथा राजस्थान के खुशखेड़ा-बहरोड़-नीमराणा इन्वेस्टमेंट रीजन की औद्योगिक जरूरतों को देखते हुए केंद्र सरकार ने इस परियोजना को बहरोड़ तक विस्तारित करने का निर्णय लिया है। इससे दोनों राज्यों के औद्योगिक और आर्थिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला