home page

रेवाड़ी की 13 वर्षीय नायशा चीन में टेनिस चैंपियनशिप में दिखाएगी दम

 | 
रेवाड़ी की 13 वर्षीय नायशा चीन में टेनिस चैंपियनशिप में दिखाएगी दम


रेवाड़ी, 27 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के गांव शाहपुर की 13 वर्षीय नायशा छिल्लर चीन में आयोजित होने वाली 5वीं वर्ल्ड सॉफ्ट टेनिस चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करेगी। नायशा अंडर-15 सब-जूनियर वर्ग में सिंगल्स, डबल्स और मिक्स इवेंट में हिस्सा लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेगी। नायशा के चयन से परिवार, गांव और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

नायशा के पिता सत्यवान छिल्लर ने मंगलवार को बताया कि उनकी बेटी पहली बार अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेने जा रही है। बावल उपमंडल के गांव शाहपुर की रहने वाली नायशा फिलहाल जयपुर में रहकर पढ़ाई के साथ टेनिस का प्रशिक्षण ले रही है। वह नौवीं कक्षा की छात्रा है और लॉन टेनिस के साथ सॉफ्ट टेनिस का भी नियमित अभ्यास करती है। सत्यवान छिल्लर के अनुसार, नायशा का चयन 12 सितंबर को अहमदाबाद में आयोजित ट्रायल के आधार पर हुआ। ट्रायल में देशभर से करीब 150 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। इनमें से हरियाणा के चयनित चार खिलाड़ियों में नायशा ने भी जगह बनाई। अब उसे चीन में विभिन्न देशों के खिलाड़ियों के साथ मुकाबला करने का अवसर मिलेगा।

नायशा इससे पहले भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित कर चुकी है। वर्ष 2025 में उसने सॉफ्ट टेनिस की अंडर-15 डबल्स स्पर्धा में गोल्ड मेडल हासिल किया था। इसी वर्ष लॉन टेनिस की एसजीएफआई नेशनल प्रतियोगिता के फाइनल तक पहुंचकर उसने अपनी खेल क्षमता का परिचय दिया। वर्ष 2026 में एसजीएफआई के तहत राजस्थान स्टेट की ओर से खेलते हुए नायशा ने तीनों इवेंट में गोल्ड मेडल जीते। अब अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप में उसके प्रदर्शन पर सभी की निगाहें रहेंगी। परिवार को उम्मीद है कि नायशा देश और प्रदेश का नाम रोशन करेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला