home page

रेवाड़ी में मध्य प्रदेश की महिला ने लगाई फांसी, पुलिस जांच में जुटी

 | 

रेवाड़ी, 18 मार्च (हि.स.)। हरियाणा के रेवाड़ी जिले के रामपुरा क्षेत्र में बुधवार सुबह एक महिला द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, वहीं परिवार में मातम का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार मध्य प्रदेश का रहने वाला पप्पू रेवाड़ी में मजदूरी का काम करता है और अपने परिवार के साथ रामपुरा में किराए के मकान में रह रहा था। उसकी 40 वर्षीय पत्नी अनीता ने मंगलवार रात घर के अंदर फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

बुधवार अलसुबह जब परिवार के लोगों को इस घटना का पता चला तो घर में हड़कंप मच गया। परिजनों ने तुरंत आसपास के लोगों को बुलाया और मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही रामपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लेते हुए मौका का मुआयना किया। इसके बाद पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। वहीं, घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट मिलने की पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है। प्रारंभिक जांच में घरेलू कारणों की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

रामपुरा थाना प्रभारी ने बताया कि महिला के आत्महत्या करने की सूचना मिली थी, जिस पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। उन्होंने कहा कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। इस घटना के बाद आसपास के लोगों में भी शोक की लहर है। वहीं, पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला