home page

रेवाड़ी में बाइक पेड़ से टकराई, 17 वर्षीय छात्र की मौत

 | 

रेवाड़ी, 09 नवंबर (हि.स.)। रेवाड़ी में दीपावली की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 17 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसके दो दोस्त घायल हो गए। गांव बूढ़पुर रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास तीन युवकों की बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में विकास नगर निवासी मनजीत की मौके पर ही मौत हो गई। वह 12वीं कक्षा का छात्र था। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। त्योहार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं।

पुलिस के अनुसार, दीपावली की रात तीनों युवक अपने एक दोस्त के घर पटाखे चलाने गए थे। वहां से वापस लौटते समय बूढ़पुर रोड पर पेट्रोल पंप के पास अचानक उनकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया। बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बिजली के पोल से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर गिर गए। हादसे में मनजीत को गंभीर चोटें आईं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। उसके दोस्त निखिल और तनुख को भी चोटें आई हैं। बताया जा रहा है कि हादसे के समय बाइक मनजीत चला रहा था।मृतक मनजीत रेवाड़ी के विकास नगर का रहने वाला था। वह तीन भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटा था। परिवार को उससे काफी उम्मीदें थीं। 12वीं कक्षा में पढ़ रहे मनजीत की अचानक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दीपावली के अवसर पर घर में खुशियों का माहौल था, लेकिन हादसे ने परिवार को कभी न भूलने वाला दुख दे दिया।हादसे की सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस के अनुसार, बाइक का संतुलन बिगड़ने से हादसा हुआ। मामले की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला