home page

रेवाड़ी-नारनौल में मानसून की पहली झमाझम बारिश, किसानों के खिले चेहरे

 | 
रेवाड़ी-नारनौल में मानसून की पहली झमाझम बारिश, किसानों के खिले चेहरे


गर्मी और उमस से मिली राहत, कई इलाकों में सड़कों पर भरा पानी

रेवाड़ी, 02 जुलाई (हि.स.)। रेवाड़ी और नारनौल क्षेत्र में गुरुवार को मानसून की पहली झमाझम बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया। लगातार हुई बारिश से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली, जबकि तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। सुबह से रुक-रुककर हुई बारिश के कारण शहरों में जगह-जगह जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे आमजन और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे। उनका कहना है कि मानसून की अच्छी शुरुआत से बाजरा, ग्वार, मूंग, कपास सहित खरीफ फसलों की बुवाई में तेजी आएगी। साथ ही खेतों की नमी बढ़ने से सिंचाई पर होने वाला अतिरिक्त खर्च भी कम होगा। किसानों ने इसे खेती के लिए शुभ संकेत बताया।

नारनौल शहर में सबसे अधिक परेशानी अनाज मंडी और अन्य निचले क्षेत्रों में देखने को मिली। यहां कई दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के बाहर पानी जमा हो गया, जिससे लोगों की आवाजाही प्रभावित रही। वहीं रेवाड़ी में मॉडल टाउन, सेक्टर-तीन, सेक्टर-चार, सरकुलर रोड, ब्रॉस मार्केट, मुख्य बाजार, रेलवे रोड, सब्जी मंडी, अनाज मंडी, बावल रोड और बस स्टैंड सहित अनेक क्षेत्रों में जलभराव हो गया। ब्रॉस मार्केट में पानी निकालने के लिए नगर परिषद को टैंकरों की मदद लेनी पड़ी। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में भी क्षेत्र में मानसून सक्रिय रहने की संभावना है। विभाग ने अच्छी बारिश का पूर्वानुमान जताते हुए लोगों को मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखने और जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने की सलाह दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला